नरवाना। लघु सचिवालय परिसर में चल रहा सयुंक्त किसान मोर्चा का धरना बुधवार को भी जारी रहा। अध्यक्षता अखिल सभा के राज्य अध्यक्ष बलबीर सिंह ने की। बैठक में फैसला लिया कि विधायक रामनिवास सुरजाखेड़ा विधानसभा चुनाव में जिस भी पार्टी से चुनाव लड़ेंगे, किसान उसका पुरजोर विरोध किया जाएगा।
बलबीर सिंह ने बताया कि भिवानी में एसकेएम हरियाणा की बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि संसदीय चुनावों की तरह ही भाजपा और उसके वर्तमान तथा पूर्व सहयोगियों को विधानसभा चुनाव में हराया जाए। केवल उन्हीं को वोट दिया जाए, जो भाजपा और उसके सहयोगियों को हराने में समर्थ हो। किसानों को गुलाबी सुंडी से खराब हुई कपास की फसल का अभी तक मुआवजा नहीं मिला है, जिससे पूर्व मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर से किसानों में गहरा रोष है। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने मांग पत्र लेते समय कहा था कि उसे पता नहीं था, लेकिन वे भी किसानों को मुआवजा नहीं दिला सके। उन्होंने कहा कि विधायक रामनिवास सुरजाखेड़ा से बार-बार बात करने के लिए आश्वासन मिला लेकिन उन्होंने किसानों के साथ कभी बात नहीं की। इसलिए किसान विधानसभा चुनाव में उसका पुरजोर विरोध करेंगे।