जींद: टोल प्लाजाओं से धरने हुए समाप्त, गुरनाम चढ़ूनी ने कहा-हमारा आंदोलन समाप्त नहीं स्थगित हुआ है
किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि जब भी आंदोलन को जरूरत पड़ी, हरियाणा की धरती से नई ताकत दी गई। उन्होंने कहा कि किसानों ने आंदोलन के माध्यम से अपनी ताकत को दिखा दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
खटकड़ व बद्दोवाल टोल प्लाजा पर चल रहे किसानों के धरने मंगलवार को समाप्त हो गए। इस दौरान दोनों ही टोल प्लाजा पर समापन कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें किसान नेता राकेश टिकैत, गुरमनाम सिंह चढूनी, जोगेंद्र उग्राह आदि ने शिरकत की। इस मौके पर किसान नेता राकेश टिकैत, गुरनाम सिंह चढूनी, जोगेंद्र सिंह उगराहां, युद्धवीर सिंह, रवि आजाद और अभिमन्यु कोहाड़ सहित कई अन्य लोगों ने शिरकत की।
बद्दोवाल टोल प्लाजा पर किसान नेता गुरनाम सिंह ने कहा कि किसानों ने आंदोलन समाप्त नहीं स्थगित किया है। 15 जनवरी को संयुक्त किसान मोर्चा की मीटिंग होगी और इसके बाद आगे की रणनीति तय होगी। उन्होंने कहा कि एमएसपी के मुद्दे पर यदि जरूरत पड़ी तो इससे भी बड़ा आंदोलन खड़ा कर दिया जाएगा।
वहीं खटकड़ टोल पर खेड़ा खाप के प्रधान व खटकड़ टोल प्लाजा कमेटी संयोजक सतबीर पहलवान की वह जैकेट भी बदली गई, जो उन्होंने एक साल पहले धारण कर किसान आंदोलन चलने तक नहीं बदलने की शपथ ली थी। जिले का बद्दोवाल टोल प्लाजा मंगलवार रात से काम करना शुरू कर देगा, जबकि खटकड़ टोल प्लाजा बुधवार रात से शुरू होगा।
किसान नेताओं ने आह्वान किया कि एक साल तक चले आंदोलन से मिली सफलता किसानों की जीत नहीं है। अभी एमएसपी, किसानों के मुकदमे, बिजली कानून सहित कई अन्य मांगें बाकी हैं। ऐसे में आंदोलन को अभी समाप्त नहीं किया गया है। इन लोगों ने आह्वान किया कि किसान अगली लड़ाई के लिए तैयार रहें।
धरने के समापन पर आयोजित कार्यक्रमों में हजारों की तादाद में युवा, महिलाएं और पुरुष पहुंचे। किसान नेता राकेश टिकैत, गुरनाम सिंह चढूनी, विकास सींसर, हरियाणवी कलाकार अजय हुड्डा, पूर्व छात्र नेता कृष्ण श्योकंद सहित किसान नेता पहुंचे। इस मौके पर जोगेंद्र उग्राह, रामफल कंडेला, युद्धबीर सहरावत, जगजीत डलेवाल, अभिमन्यु कोहाड़, रवि आजाद, सुदेश गोयत, सुशील नरवाल, जयप्रकाश, बलराम कटवाल, आजाद पालवां, सिक्किम सफा खेड़ी व पूनम कंडेला मौजूद रहे।
इस दौरान किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि जब भी आंदोलन को जरूरत पड़ी, हरियाणा की धरती से नई ताकत दी गई। उन्होंने कहा कि किसानों ने आंदोलन के माध्यम से अपनी ताकत को दिखा दिया है। ऐसे में आने वाले समय में भी कोई सरकार अब किसानों के खिलाफ इस प्रकार का षड्यंत्र नहीं कर पाएगी।
केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र दें इस्तीफा
खटकड़ टोल पर पहुंचे राकेश टिकैत ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि लखीमपुर खीरी की घटना पर एसआईटी ने माना है कि यह साजिश के तहत किया गया। किसान भी कह रहे थे कि किसानों की हत्या साजिश के तहत की गई। ऐसे में अब केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र को इस्तीफा देना चाहिए।
अलग-अलग पहुंचे टिकैत और चढूनी
जिले में आयोजित दोनों कार्यक्रमों में किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी व राकेश टिकैत अलग-अलग पहुंचे। गुरनाम सिंह चढूनी सुबह करीब 11 बजे नरवाना के बद्दोवाल टोल पहुंचे। इसके बाद वे खटकड़ के लिए निकल गए। उनके निकलने के बाद राकेश टिकैत भी बद्दोवाल पहुंचे और इसके बाद वे खटकड़ पहुंचे।
अब पांच से 15 रुपये अधिक लगेगा टोल
जिले में फिलहाल दो टोल प्लाजा हैं। इनमें बद्दोवाल टोल आज से शुरू हो रहा है, जबकि खटकड़ टोल प्लाजा बुधवार आधी रात से शुरू हो जाएगा। अब पहले के मुकाबले पांच रुपये लेकर 15 रुपये अधिक टोल टेक्स देना होगा। बद्दोवाल टोल प्लाजा के मैनेजर रवि कुमार के अनुसार सरकार ने अप्रैल महीने में टोल की दर बढ़ाई थी। यह लागू हो गई है। इससे कार पर पांच रुपये, मध्यम भारी वाहनों पर दस रुपये व ट्रक-बस जैसे वाहनों पर 15 रुपये अधिक टोल टेक्स लगेगा।
उन्होंने बताया कि फास्टैग नहीं होने पर टोल टेक्स दोगुना देना होगा। वहीं 20 किलोमीटर क्षेत्र के लोग अपना रियायती पास बनवा सकते हैं। दूसरी ओर खटकड़ टोल प्लाजा के प्रबंधक रोबिन सिंह के अनुसार टोल पूरी तरह से अभी तक तैयार नहीं हुआ है। इसकी तैयारी चल रही है। बुधवार से टोल शुरू होने की उम्मीद है। अभी पुराना टोल टैक्स ही वसूला जाएगा, लेकिन अगले एक-दो दिन में बढ़ी हुई कीमतें प्रभावी होंगी।