जींद। बीबीपुर गांव के पूर्व सरपंच सुनील जागलान की ख्याति पिछले एक दशक से विदेश तक फैल रही है। अब उन पर बनी केंद्रीय वृत्तचित्र फिल्म सनराइज को दुबई एक्सपो के लिए चुना गया है। जिसका प्रीमियर 26 नवंबर को दुबई में होगा।
सुनील जागलान के सरपंच पद से महिला सशक्तीकरण की यात्रा से लेकर राष्ट्रपति द्वारा गोद लिए गांवों में उनके बीबीपुर मॉडल ऑफ विमेन एन्पॉवरमेंट एंड विलेज डेवलेपमेंट तक हर कार्य को दिखाया जा रहा है। इसके अलावा सुनील जागलान द्वारा खाप पंचायतों में महिलाओं को शामिल करने का संघर्ष एवं मेवात में किए जा रहे महिला सशक्तीकरण को विशेष तौर पर दर्शाया है। सनराइज फिल्म की डॉयरेक्टर विभा बक्शी हैं। जिनको इससे पहले निर्भया केस पर आधारित फिल्म डॉटर ऑफ मदर इंडिया के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं। प्रधानमंत्री व राष्ट्रपति से कई बार प्रशंसा पा चुके सेल्फी विद डॉटर फाउंडेशन के निदेशक सुनील जागलान के द्वारा किए गए महिला सशक्तीकरण पर किए गए कार्य सीरियल के रूप में देखने को मिलेंगे। इसमें सुनील जागलान महिलाओं को अधिकारों के लिए लड़ते हुए दिखाया गया है। सुनील जागलान द्वारा यहां लाडो पुस्तकालय तैयार करवाए जा रहे हैं और घूंघट कुप्रथा को समाप्त करने, कन्या भ्रूण हत्या रोकने, बाल विवाह रोकने, पैडमित्र की भूमिका निभाते हुए महिलाओं में सेनेटरी नैपकिन का प्रयोग, महिलाओं के अधिकारों की जानकारी देना, टीम लाडो बनाना, बहुओं की खरीद फरोख्त को रोकने के लिए चलाए गए अभियान को इसमें शामिल किया गया है।