Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Jind News ›   Doctors' ultimatum: If the FIR is not withdrawn, they will shut down OPD services starting tomorrow.

Jind News: डॉक्टरों का अल्टीमेटम...दर्ज एफआईआर वापस नहीं हुई तो कल से बंद कर देंगे ओपीडी

Tue, 10 Nov 2026 11:37 PM IST
Rohtak Bureau रोहतक ब्यूरो
Updated Tue, 10 Nov 2026 11:37 PM IST
विज्ञापन
Doctors' ultimatum: If the FIR is not withdrawn, they will shut down OPD services starting tomorrow.
10जेएनडी05: हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विस एसोसिएशन डीसी से मिलकर एफआईआर में शामिल चिकित्सकों के न
जींद। नागरिक अस्पताल में मरीज सन्नी और उसकी पत्नी भावना के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार के मामले में अब डॉक्टरों और प्रशासन के बीच टकराव बढ़ता नजर आ रहा है। डॉक्टर प्रमोद और सौरव के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग को लेकर हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विस एसोसिएशन (एचसीएमएस) ने मंगलवार को आंदोलन का एलान कर दिया है।
विज्ञापन

एसोसिएशन ने अल्टीमेटम कि 11 नवंबर शाम चार बजे तक डॉक्टरों पर दर्ज एफआईआर वापस नहीं ली गई तो पुलिस और प्रशासन से जुड़े कार्यों का बहिष्कार किया जाएगा। इसके बावजूद मांग पूरी नहीं होने पर 12 नवंबर से नागरिक अस्पताल में ओपीडी सेवाएं बंद कर दी जाएंगी।
विज्ञापन

डॉक्टरों के इस फैसले से अस्पताल में रोजाना इलाज के लिए पहुंचने वाले करीब 1700 से 1900 मरीजों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। सामान्य बीमारियों के उपचार, चिकित्सकीय परामर्श और नियमित जांच के लिए मरीजों को निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

मंगलवार को एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने डीसी डॉ. वैशाली शर्मा और एएसपी अमित भाटिया से मुलाकात कर मामले में अपना पक्ष रखा। इस दौरान डीसी को ज्ञापन सौंपा। डॉक्टरों ने कहा कि वह भी मामले में निष्पक्ष कार्रवाई चाहते हैं लेकिन बिना पूरी जांच के डॉक्टरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करना उचित नहीं है। एसोसिएशन ने मांग की कि डॉक्टर की ओर से दी गई शिकायत पर भी एफआईआर दर्ज की जाए। मौके पर प्रधान डॉ. राजेश भोला, स्टेट जनरल सचिव डॉ. बिजेंद्र ढांडा और डॉ. रघुवीर पूनिया मौजूद रहे।
एमएलआर और पोस्टमार्टम समेत कानूनी कार्यों का करेंगे बहिष्कार
एसोसिएशन ने आंदोलन के पहले चरण में पुलिस और प्रशासन से संबंधित कार्यों का बहिष्कार करने की चेतावनी दी है। इसके तहत मेडिको लीगल रिपोर्ट (एमएलआर), पुलिस मामलों में चिकित्सकीय परीक्षण, पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं से जुड़े कार्य प्रभावित हो सकते हैं। इससे पुलिस जांच और कानूनी कार्रवाई में देरी होने की आशंका है। वहीं, 12 नवंबर से ओपीडी सेवाएं बंद होने की स्थिति में सामान्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों, पुराने मरीजों के फॉलोअप और नियमित जांच करवाने वालों को परेशानी उठानी पड़ सकती है। हालांकि, एसोसिएशन की ओर से इमरजेंसी सेवाओं को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।

समय पर किया था इलाज, सीसीटीवी फुटेज भी सौंपी : डॉ. भोला
एसोसिएशन के जिला प्रधान डॉ. राजेश भोला ने कहा कि मरीज शाम पांच बजे अस्पताल पहुंचा था और करीब सवा छह बजे उसकी एमएलआर तैयार कर दी गई थी। मरीज को समय पर इलाज दिया गया और उस समय उसे सामान्य चोटें थीं। इलाज के दौरान मरीज सन्नी की ओर से चिकित्सक के साथ किए गए दुर्व्यवहार की सीसीटीवी फुटेज भी निकलवाई गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि रात करीब आठ से नौ बजे ड्यूटी बदलने के दौरान पहुंचे दूसरे डॉक्टर के साथ भी मरीज ने दुर्व्यवहार किया। घटना के बाद मरीज करीब दो घंटे तक इमरजेंसी से गायब रहा। मरीज के साथ मारपीट करने वाले सिक्योरिटी गार्ड कपिल के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है, ऐसे में डॉक्टरों को एफआईआर में शामिल करना उचित नहीं है।

दो स्तर पर हो रही जांच, अधिकारियों ने दिया निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा
एसोसिएशन के स्टेट जनरल सचिव डॉ. बिजेंद्र ढांडा ने बताया कि एसपी उपासना ने मामले की जांच एएसपी अमित भाटिया को सौंपी है, जबकि प्रशासनिक स्तर पर नगराधीश मोनिका को जांच की जिम्मेदारी दी गई है। प्रतिनिधिमंडल ने दोनों अधिकारियों के समक्ष अपना पक्ष और अस्पताल की सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध करवाई है।

यह है मामला
रोहतक रोड स्थित भगवान नगर निवासी सन्नी अपनी पत्नी भावना के साथ मारपीट में घायल होने के बाद वीरवार शाम नागरिक अस्पताल पहुंचे थे। उनका आरोप था कि दर्द की दवा मांगने पर सिक्योरिटी गार्ड कपिल ने उनका गला पकड़कर थप्पड़ और मुक्के मारे। शुक्रवार को डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा और एसपी उपासना यादव अस्पताल पहुंचे थे। पीड़ित दंपती की शिकायत सुनने के बाद डिप्टी स्पीकर ने स्वास्थ्य अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई थी। एसपी ने अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात दो होमगार्ड विक्की और कृष्ण को लाइन हाजिर कर दिया था, जबकि आरोपी सिक्योरिटी गार्ड को नौकरी से हटा दिया गया था।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed