नरवाना। उचाना खंड के गांव तारखां में पीने के पानी की समस्या को लेकर मंगलवार दोपहर को महिलाएं जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में पहुंची। लेकिन वहां कोई अधिकारी न होने के कारण महिलाओं ने विरोध में दिल्ली-पटियाला हाइवे पर कार्यालय के सामने दोनों तरफ की सड़क पर जाम लगा दिया। जाम लगने की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और उनको समझा-बुझाकर 25 मिनट बाद जाम खुलवा दिया। जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका।
महिलाओं का कहना था कि उनके गांव में पिछले एक महीने से पीने के पानी की समस्या बनी हुई है। जब भी पानी की समस्या को लेकर शिकायत की जाती है, तो उनको चक्कर कटवाए जाते हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं होती है। उन्होंने बताया कि नीचे का पानी खारा होने के कारण पीने योग्य नहीं है, जिससे उनको कैंपर के रुपये चुकाकर पानी पीना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जलघर में पानी तो पर्याप्त मात्रा मेें है, लेकिन उनके घरों में सप्लाई नहीं होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पानी को खेतों में सिंचाई के लिए भेजा जाता है। पीने के पानी की समस्या को लेकर सबसे ज्यादा महिलाओं को परेशानी होती है। अधिकारी कोई सुनवाई नहीं करते हैं, जिससे उनको जाम लगाने पर मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकारी तो केवल आश्वासन दे देते हैं, लेकिन समाधान नहीं होता है। कार्यालय में एक्सईएन विनोद सरोहा ने महिलाओं को कहा कि उनके जलघर की खराब पड़ी मोटर को बदल दिया जाएगा। जिसके बाद सभी घरों मेें पानी पर्याप्त मात्रा में मिलेगा। एक्सईएन के आश्वासन के बाद महिलाएं संतुष्ट होकर अपने घर लौट गई।