{"_id":"f7d05a4582a429b810a01d1a1f9aea89","slug":"young-driver-dead-in-khadkad-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"ईंट-भट्टे पर ट्रैक्टर चलाने वाले युवक की संदिग्ध हालात में मौत","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
ईंट-भट्टे पर ट्रैक्टर चलाने वाले युवक की संदिग्ध हालात में मौत
जींद/ अमर उजाला, ब्यूरो
Updated Wed, 16 Dec 2015 12:04 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
खटकड़ गांव के ईंट-भट्टे पर ट्रैक्टर चलाने वाले एक युवक कीमंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में ले आई। चिकित्सक बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया। युवक की मौत का कारण जहरीला पदार्थ बताया जा रहा है। मृतक के परिजनों ने भट्टा मालिक पर हत्या के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर भट्टा ठेकेदार प्रीतम सिंह व अन्य सहयोगियों पर हत्या का मामला दर्ज किया है। शव का पोस्टमार्टम होने के बाद परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए और शव उठाने से मना कर दिया। काफी जद्दोजहद के बाद देर सायं पुलिस व परिजनों के बीच शव उठाने पर सहमति हो पाई। इसके बाद परिजनों ने बुधवार सुबह शव उठाने की बात कही।
गांव जलालपुरा खुर्द निवासी 20 वर्षीय अमित खटकड़ गांव के पास स्थित एक ईंट-भट्टा पर ट्रैक्टर चलाता था। मंगलवार को अमित बेसुध हालत में भट्टे के पास पड़ा हुआ था और अमित के मुंह से झाग निकल रहा था। भट्टा पर कार्यरत मजदूरों ने इसकी सूचना भट्टा मालिक प्रीतम को दी। इसके बाद अमित को उपचार के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में लाया लेकिन यहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद ठेकेदार अमित का शव लेकर उसके गांव जलालपुरा खुर्द पहुंचा। अमित की मौत पर परिजनों को संदेह हुआ तो परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी धर्मबीर सिंह तथा उचाना थाना प्रभारी सोमबीर ढाका पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल ले आए। मृतक के पिता कृष्ण ने आरोप लगाया कि भट्टा मालिक प्रीतम द्वारा उसके बेटे अमित की जहर देकर हत्या की गई है। कृष्ण ने बताया कि सोमवार रात को उसका बेटा अमित और उसका सहयोगी गांव ईंटल खुर्द निवासी कालू खाना खाकर ट्रैक्टर से भट्टे पर लौट रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराया और क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रैक्टर को क्षतिग्रस्त होने की सूचना अमित ने ठेकेदार को दी। इसके बाद भट्टा ठेकेदार प्रीतम ने अमित पर नया ट्रैक्टर खरीदकर देने का दबाव बनाया और उसे परिजनों को भट्टे पर बुलाने के लिए कहा। कृष्ण ने बताया कि इसके बाद उसके बेटे अमित ने उसको फोन कर घटना के बारे में बताकर भट्टे पर बुलाया लेकिन इसके थोड़ी देर बाद ही भट्टा ठेकेदार प्रीतम अपने साथियों के साथ उसके बेटे का शव लेकर गांव में पहुंच गए। मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि उसके बेटे अमित की ठेकेदार प्रीतम ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर हत्या की है। पुलिस ने मृतक के पिता कृष्ण की शिकायत पर ठेकेदार प्रीतम व उसके सहयोगियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
मामला संदिग्ध होने के चलते चिकित्सक बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मृतक के पिता कृष्ण ने भट्टा ठेकेदार प्रीतम पर उसके बेटे की हत्या का आरोप लगाया है। भट्टा ठेकेदार व उसके सहयोगियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव उठाने से मना कर रहे थे। पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन शव उठाने पर सहमत हो गए हैं। बुधवार सुबह परिजनों द्वारा शव उठा लिया जाएगा।
विज्ञापन
धर्मबीर, थाना प्रभारी
सदर, जींद