{"_id":"65a6b73212b89b6ad40bb4f5","slug":"jind-video-of-scattered-skeletons-and-skins-of-cows-in-dhadoli-s-cowshed-goes-viral-2024-01-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jind: धड़ौली की गोशाला में गोवंशों के बिखरे कंकाल और खाल का वीडियो वायरल, गांव में हंगामा","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
Jind: धड़ौली की गोशाला में गोवंशों के बिखरे कंकाल और खाल का वीडियो वायरल, गांव में हंगामा
Tue, 16 Jan 2024 10:34 PM IST
भूपेंद्र सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी, सफीदों, जींद (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, सफीदों, जींद (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Tue, 16 Jan 2024 10:34 PM IST
सार
वीडियो वायरल होने पर गोसेवकों और ग्रामीणों ने हंगामा किया। धड़ौली में तनाव की स्थिति बनी हुई है। बड़ी संख्या में मौके पर पुलिस पहुंची।
विज्ञापन
गांव में एकत्रित गोभक्त और तैनात पुलिस बल।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
हरियाणा के जींद के सफीदों क्षेत्र में गोवंश के कंकाल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मंगलवार को धड़ौली गांव स्थित राष्ट्रीय गोशाला के प्रबंधकों के खिलाफ सैकड़ों की संख्या में गोसेवक पहुंच गए। इनमें आसपास के इलाकों के कई युवाओं के अलावा वीडियो बनाकर वायरल करने वाले ढिल्लों बॉक्सर, गन्नौर के सतनाला गांव के राहुल, भिवानी क्षेत्र के गोसेवक कालू कुंडल व राजस्थान के टोंक जिला के कई लोग शामिल थे। गोभक्तों के एकत्रित होने से गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। तनाव को देखते हुए गांव में भारी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया।
विज्ञापन
गोसेवकों का आरोप है कि प्रबंधकों ने गोशाला को बूचड़खाना बना दिया है। यहां पर मृत गोवंश को दफनाने की बजाय उनके शव का सौदा किया जा रहा है। इस संदर्भ में मिली जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय गोशाला धड़ौली में परंपरागत मकर संक्रांति का उत्सव 14 जनवरी को मनाया गया था।
विज्ञापन
इसमें भाग लेने के लिए आए गन्नौर क्षेत्र के सतनाला गांव के राहुल ने गोशाला परिसर में एक गोवंश का धड़ से अलग सिर व हडि्डयों का ढेर देखा तो इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने पर गोशाला प्रबंधकों के खिलाफ लोग जमा हो गए।
विज्ञापन
गोशाला प्रबंधक कमेटी के प्रधान सुधार देशवाल ने बताया कि मकर संक्रांति के दिन किसी ने पीछे के परिसर में गोवंश के सिर वगैरह का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। प्रधान ने बताया कि मृत गोवंश को परिसर में ही दफनाया जाता है। वीडियो में वायरल हुए धड़ से अलग गोवंश के सिर के बारे में उन्होंने बताया कि जमीन में दफन गोवंश को आवारा कुत्तों ने निकाल लिया होगा।
प्रधान ने गोवंश के शरीर का किसी तरह का सौदा गोशाला के किसी भी कर्मचारी या पदाधिकारी के नहीं करने की बात कही। वायरल वीडियो के हवाले से सफीदों की पिल्लूखेड़ा पुलिस ने थाना प्रभारी उप निरीक्षक बीरबल सिंह के बयान पर गोशाला के अज्ञात कर्मचारी पर गो संरक्षण अधिनियम की धारा 13(1) व 13(3) तथा भारतीय दंड संहिता की धारा 295ए के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
गोशाला में हडवारा होगा तो नहीं देंगे चंदा
गोसेवकों ने फैसला लिया कि वह पूरे प्रदेश में प्रचार करेंगे की जिस गोशाला में हडवारा है, उसको चंदा नहीं दिया जाए। इस आशय के फैसले की घोषणा वहां ऐसे कंकाल का वीडियो वायरल करने वाले गन्नौर क्षेत्र के राहुल ने की और इस पर सभी ने सहमति जताई। बता दें कि हडवारा वह परिसर होता है, जहां मृत पशुओं के शरीर से खाल उतारी जाती है।