{"_id":"0ff89714384c0b3ba09d5fbc93f1f848","slug":"crime-hindi-news-863","type":"story","status":"publish","title_hn":"एएसआई गिरफ्तार, दो सिपाहियों की तलाश","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
एएसआई गिरफ्तार, दो सिपाहियों की तलाश
जींद/ अमर उजाला, ब्यूरो
Updated Sat, 03 Oct 2015 11:59 PM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
बस स्टैंड से शुक्रवार को पुलिस कस्टडी से फरार हुए कैदी रविंद्र उर्फ रवि के मामले में गार्द में तैनात पुलिस कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई है। कैदी की सुरक्षा में कैथल पुलिस ने ईएएसआई शमशेर सिंह के नेतृत्व में कांस्टेबल आजाद सिंह, हरीश कुमार को तैनात किया था। गार्द में तैनात पुलिस कर्मचारियों की लापरवाही सामने आने के बाद सीआईए कैथल के एसआई सत्यवान ने शहर थाना पुलिस में शिकायत दी।
शहर थाना पुलिस ने एसआई सत्यवान की शिकायत पर गार्द के इंचार्ज ईएएसआई शमशेर सिंह, कांस्टेबल आजाद, हरीश कुमार के खिलाफ ड्यूटी में लापरवाही बरतने का मामला दर्ज किया है। शहर थाना पुलिस ने मौके से ईएएसआई शमशेर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शमशेर सिंह को शनिवार को अदालत में पेश किया। जहां से अदालत ने ईएएसआई शमशेर सिंह को जमानत पर रिहा कर दिया।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर शाम पीजीआई से कैदी को छुट्टी मिलने के बाद वापस कैथल जेल लेकर जा रहे थे तो उस समय उसके साथ केवल ईएएसआई शमशेर सिंह ही था। जबकि ड्यूटीरत कांस्टेबल आजाद सिंह, हरीश कुमार नदारद थे। रोहतक से बस जब जींद बस स्टैंड पहुंची तो कैदी रविंद्र ने पानी पीने की इच्छा जताई। ईएएसआई शमशेर सिंह ने कैदी रविंद्र के एक हाथ पर हथकड़ी लपेट दिया और रोहतक बूथ के पास बने प्याऊ पर पानी पीने के लिए छोड़ दिया। जब कैदी की ईएएसआई शमशेर से कुछ दूरी हुई तो वह हथकड़ी को साथ लेकर बस स्टैंड से शिव कालोनी की तरफ भाग गया। कैदी रविंद्र उर्फ रवि को भागता देखकर शमशेर सिंह ने उसका पीछा करना चाहा, लेकिन तब तक वह गलियों में गायब हो चुका था। रविंद्र उर्फ रवि के फरार होने के बावजूद भी ईएएसआई शमशेर सिंह ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल में नहीं दी और अपने स्तर पर उसकी तलाश की। जब कैदी रविंद्र का सुराग नहीं लगा तो लगभग अढ़ाई घंटे के बाद आठ बजे के पास पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और आसपास के क्षेत्र में तलाश की, लेकिन तब तक कैदी रविंद्र उर्फ रवि काफी दूर जा चुका होगा।
विज्ञापन
कैदी के फरार होने की सूचना पाकर कैथल की सीआईए टू की टीम जींद पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर रात को सर्च अभियान चलाया, लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। स्थानीय पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि कैदी रविंद्र शाम को लगभग साढ़े पांच बजे के आसपास फरार हो चुका था, लेकिन गार्द में शामिल कांस्टेबल आजाद सिंह तथा हरीश कुमार की ड्यूटी से नदारद रहने के कारण ईएएसआई शमशेर सिंह ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल में नहीं दी।
ये है मामला
बहादुरगढ़ के गांव सांखोल निवासी रविंद्र उर्फ रवि को कैथल में गिरोहबंदी के मामले में सात साल की सजा सुनाई गई थी। लेकिन उसके बीमार होने के बाद गत 21 सितंबर को पुलिस उसे लेकर पीजीआई रोहतक गई थी। दो अक्टूबर को रोहतक पीजीआई से कैदी रविंद्र को छुट्टी दे दी थी। शाम छह बजे के निकट पुलिस कर्मचारी रविंद्र को लेकर जींद बस अड्डे पर पहुंचे थे। जहां से वह पानी पीने की बात कहकर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। इसके बाद सूचना मिलते ही जींद एवं कैथल पुलिस हरकत में आई। उसकी तलाश शुरू की लेकिन उसका सुराग नहीं लगा।
जींद जिले के रहने वाले तीनों पुलिस कर्मी
कैदी रविंद्र उर्फ रवि के साथ तैनात तीनों पुलिस कर्मचारी जींद जिले के रहने वाले हैं। गार्द का इंचार्ज शमशेर जींद के ओम नगर का रहने वाला है। जबकि कांस्टेबल आजाद सिंह गांव बिशनपुरा का रहने वाला है। आजाद सिंह कैदी के साथ जाने की बजाए रास्ते में ही अपने गांव बिशनपुरा उतर गया। जबकि कांस्टेबल हरीश कुमार डोहानाखेड़ा का रहने वाला है और वह भी फरलो मारते हुए अपने घर चला गया। इस दौरान केवल जींद के ओमनगर निवासी 50 वर्षीय ईएएसआई शमशेर सिंह ही कैदी रविंद्र के साथ था। उसी का फायदा उठाकर कैदी फरार हो गया।
शातीराना ढंग से भागा कैदी
पुलिस को चमका देने में कैदी रविंद्र उर्फ रवि ने शातीराना साजिश रची। रविंद्र 21 सितंबर से पीजीआई में भर्ती और इस दौरान यही तीन पुलिसकर्मी लगातार उसकी सुरक्षा में तैनात रहे। लगातार 12 दिन तक साथ रहने पर रविंद्र पुलिसकर्मियों के साथ काफी घुल मिल गया। इसी का फायदा रविंद्र ने भागने में उठाया। जैसे ही रविंद्र ने पानी पीने की इच्छा जताई, पुलिसकर्मी ने उसे विश्वास में जाने दिया।
बॉक्स सिटी डीएसपी दिनेश यादव ने बताया कि गार्द में तैनात तीनों पुलिस कर्मचारियों ने ड्यूटी में लापरवाही बरती है। कैदी जिस समय भागा उस समय दो कांस्टेबल ड्यूटी से नदारद थे और कैदी के साथ केवल ईएएसआई शमशेर सिंह था। कैदी इस दौरान पानी पीने का बहाना बनाकर फरार हुआ है। तीनों ही पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फरार कैदी की तलाश जारी है।