महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष कक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन के दो दिन शेष हैं। वीरवार को आवेदन की अंतिम तिथि है। राजकीय स्नातकोत्तर नेहरू महाविद्यालय, झज्जर में विभिन्न कक्षाओं की 1180 सीटों के लिए अब तक 1732 आवेदन किए गए हैं। इनमें से बीए की 480 सीटों के लिए 1062, बीकॉम की 160 सीटों के लिए 112, बीएससी नॉन मेडिकल की 300 सीटों के लिए 277, बीएससी मेडिकल की 80 सीटों के लिए 84, बीबीए की 80 सीटों के लिए 61 व बीसीए की 80 सीटों के लिए 127 आवेदन किए गए हैं।
नेहरू कॉलेज के मीडिया प्रभारी डॉ अमित भारद्वाज ने बताया कि पहली मेरिट लिस्ट 8 सितंबर को जारी होगी। इस लिस्ट में जिन विद्यार्थियों का नाम आएगा, वे 13 सितंबर तक फीस भर सकेंगे। दूसरी मेरिट लिस्ट 15 सितंबर को जारी होगी। इस लिस्ट में जिन विद्यार्थियों का नाम आएगा, वे 18 सितंबर तक फीस जमा करा सकेंगे। इसके अलावा जिन विद्यार्थियों का नाम पहली मेरिट लिस्ट में आ गया लेकिन यदि उनको पहली पसंद का कॉलेज नहीं मिल पाया और उन्होंने किसी दूसरे कॉलेज में एडमिशन नहीं लिया तो उनके नाम पर दूसरी मेरिट लिस्ट में विचार किया जा सकता है। इसके बाद भी अगर कॉलेजों की सीटें खाली रहती हैं तो उनको भरने के लिए 21 सितंबर से ही एडमिशन पोर्टल दोबारा खुलेगा।