जिले में शुक्रवार को दशहरा पर्व के अवसर पर शांति एवं कानून व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए हैं। पुलिस ने जिले के झज्जर, दुजाना, बेरी, बहादुरगढ़ व अन्य स्थानों पर दशहरा के त्यौहार को शांतिपूर्वक संपन्न करवाने के उद्देश्य से एसपी राजेश दुग्गल ने सभी थाना प्रबंधकों व चौकी प्रभारियों को पूरी चौकसी से तैनात रहने व प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखने के दिशा निर्देश दिए हैं। इसके अतिरिक्त दशहरा पर्व के मद्देनजर थाना प्रबंधक यातायात बहादुरगढ़, यातायात प्रभारी झज्जर, अपराध जांच शाखा प्रभारी झज्जर, अपराध जांच शाखा प्रथम व द्वितीय बहादुरगढ़ के प्रभारियों को भी अपने अपने एरिया के मेला स्थल पर सतर्कता से तैनात रहने के आदेश दिए गए हैं। जिला के अलग-अलग स्थानों पर रावण के पुतलों के दहन के अवसर पर लगने वाले मेला स्थल व आसपास एकत्रित भीड़ में कोई शरारती, असामाजिक तत्व किसी तरह की कोई अप्रिय हरकत ना कर सके, इसके लिए कड़ी सतर्कता व निगरानी रखने, बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, चौराहों व मुख्य सड़कों पर लगातार गश्त बढ़ाई गई है। बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, सिनेमाघरों, धार्मिक स्थलों, होटलों, ढाबों व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कड़ी निगरानी रखने के सख्त निर्देश दिए हैं।
दशहरा पर्व के मद्देनजर शांति एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए शुक्रवार को झज्जर शहर के एरिया में विशेष नाके लगाए जाएंगे। रामलीला ग्राउंड झज्जर में होने वाले मुख्य मेला के मध्यनजर आमजन की सुविधा तथा यातायात व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को सुबह 11:00 बजे से सांय 8:00 बजे तक भारी वाहनों का झज्जर शहर में प्रवेश वर्जित रहेगा।