बहादुरगढ़।
सिटी बहादुरगढ़ फुटबॉल क्लब की ओर से रविवार को एचएल सिटी के मैदान पर सैंटा प्रीमियर कप के नाम से जूनियर फुटबॉल मैच हुआ। इसमें अंडर-7, 9, 11, 13 और 15 की उम्र के खिलाडि़यों ने भाग लिया। क्लब की ओर से विजयी टीम को ट्रॉफी, रनर अप ट्रॉफी और प्रत्येक वर्ग को बेस्ट प्लेयर ऑफ मैच का अवॉर्ड दिया गया। समाजसेवी आर्य हरिओम दलाल मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को शील्ड व सर्टिफिकेट देकर पुरस्कृत किया। कोच नरेश व विनय जून, दीपा जून पिछले आठ साल से बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित कर रहे हैं। इस आयोजन में 40 टीमों ने भाग लिया जिनमें दिल्ली द्वारका, पानीपत, दादरी, रोहतक, महम व जिला झज्जर के अनेक गांवों की टीमें शामिल हुईं। इस मौके पर आर्य समाज के संरक्षक ब्रह्मजीत आर्य व प्रवक्ता विनोद लोहिया भी उपस्थित रहे।