{"_id":"5856e1354f1c1bad60c0665f","slug":"roadways-bus-not-enough-for-delhi-rout-jhajjar","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली रूट पर रोडवेज सेवाएं बेहाल, आफत में 2500 दैनिक यात्री","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली रूट पर रोडवेज सेवाएं बेहाल, आफत में 2500 दैनिक यात्री
ब्यूरो/अमर उजाला, झज्जर
Updated Mon, 19 Dec 2016 12:49 AM IST
विज्ञापन
रोडवेज बस
- फोटो : bureau
दिल्ली की ओर जाने वाले डेली पैसेंजर के लिए आफत के दिन चल रहे हैं, क्योंकि इस रूट पर रोडवेज की सेवाएं बुरी तरह बेहाल हैं। मुनाफे का रूट बताए जाने वाले इस रूट के लिए रोडवेज के झज्जर डिपो के पास बसों का अकाल पड़ गया है। दुहाई दी जा रही है कि ग्रामीण सेवाओं को सुचारु रखने के चलते बसों की कमी है।
विज्ञापन
झज्जर से हर रोज ड्यूटी और कोचिंग को जाने वाले दैनिक यात्रियों की संख्या करीब 2500 हैं, जो कि अब दिल्ली रूट को छोड़ने लगे हैं। इन लोगों को अब वाया गुरुग्राम होकर दिल्ली जाना ही रास आ रहा है।
विज्ञापन
ड्यूटी व कोचिंग पर जाने वाले ये लोग गुरुग्राम तक बस और फिर गुड़गांव के इफ्को चौक से मेट्रो पकड़कर दिल्ली पहुंचते हैं। इनके ऐसा करने के पीछे वजह साफ है कि उन्हें घंटों इंतजार के बाद भी दिल्ली बूथ पर रोडवेज की बसें नहीं मिलती।
विज्ञापन
दिल्ली की ओर जाने वाली बसें आठ टाइम मिस
झज्जर से दिल्ली चलने के लिए झज्जर डिपो की बसों के लिए 20 समय निर्धारित किए गए हैं, जो कभी 32 भी हुआ करते थे, लेकिन वर्तमान में जो 20 टाइम हैं, इनमें से केवल 12 टाइम पर ही डिपो की बसें चलती हैं। बाकी के आठ टाइम पर डिपो की बसें मिस ही रहती हैं। ऐसे में इस रूट के यात्रियों के लिए रोडवेज से यात्रा करना टेंशन देता है। बस स्टैंड पहुंचने वाले यात्री घंटों इंतजार करते रहते हैं, लेकिन उन्हें दिल्ली जाने वाली रोडवेज बसें नहीं मिलती।
बहादुरगढ़ के लिए निजी बसों की गजब सर्विस
वहीं दूसरी ओर अंडर स्टेट परमिट वाली निजी ऑपरेटरों की बसों की सर्विस की बात की जाए तो बहादुरगढ़ वाले स्टैंड पर आप किसी भी समय चले जाएं, बस मिलेगी। करीब हर 15 मिनट के बाद निजी बस झज्जर से बहादुगढ़ के लिए रवाना होती है, जिसके चलते मजबूरन दिल्ली जाने वाले यात्रियों को इन बसों का सहारा लेना पड़ता है, लेकिन जब कोई यात्री इनमें जाता है तो उससे काफी दिक्कत उठानी पड़ती है। केवल 40 मिनट का सफर तय करने में ये बसें करीब दो घंटे से भी अधिक समय लगाती हैं।
हर महीने लाखों का नुकसान
रोडवेज डिपो के आठ टाइम मिस होने से न केवल दैनिक यात्रियों को परेशानी हो रही है, बल्कि इससे रोडवेज का भी काफी नुकसान हो रहा है। दिल्ली, हरिद्वार, कोटा जैसे लंबे रूट रोडवेज के लिए मुनाफे का सौदा है। ऐसे रूट पर अगर बस मिस होती है तो काफी नुकसान उठाना पड़ता है। रोडवेज के झज्जर डिपो द्वारा आठ टाइम मिस किए जा रहे हैं, जिसके चलते हर माह लाखों का नुकसान रोडवेज को हो रहा है।
यात्रियों की नजर में समस्या
1. दिल्ली जाने वाले कर्णसिंह ने बताया कि रोडवेज बस समय पर होती नहीं तो ऐसे में प्राइवेट वाले आकर उन्हें कहते हैं कि बस आज मिस है, आपको तो बहादुरगढ़ होकर ही जाना पड़ेगा, जिसके चलते उन्हें काफी दिक्कतें उठानी पड़ती हैं।
2. यात्री नीरज ने बताया कि सुबह 11 बजे के बाद तो दिल्ली वाले रूट पर बसों का अकाल पड़ जाता है। इसके बाद कुछ बसें दादरी से आती हैं, जो फुल होने पर कई बार वे बस स्टैंड के बाहर से ले जाते हैं, जिसके चलते वे समय पर दिल्ली नहीं पहुंच पाते।
3. यात्री नितिन ने बताया कि बसों की समस्या पिछले दो साल से भी ज्यादा समय से है, लेकिन डिपो अधिकारी मुख्य रूट पर भी कोई ध्यान नहीं दे रहे। उन्हें तो शक है कि बहादुरगढ़ को जाने वाले निजी बसों को फायदा पहुंचाने के लिए ऐसा किया जा रहा है।
निजी ऑपरेटर को फायदा पहुंचाने की साजिश : सहरावत
हरियाणा रोडवेज वर्कर यूनियन संबंधित इंटक के राज्य प्रधान अनूप सहरावत ने बताया कि बहादुरगढ़ और ढांसा बॉर्डर तक जाने वाली निजी बसों को फायदा पहुंचाने के लिए ऐसा किया जा रहा है। बसों को जान-बूझकर जीएम द्वारा दिल्ली रूट से हटाया जा रहा है। इसके लिए वे विभागीय अधिकारियों और डीसी से भी शिकायत कर चुके हैं। निजी बस ऑपरेटर से विभागीय अधिकारियों को कुछ फायदा मिल रहा होगा, इसलिए वे ऐसा कर रहे हैं।
ग्रामीण रूट पर निजी बसें हटने के कारण बसों की दिक्कत आई है। सिटी बस सेवा में भी दो बसें चलानी पड़ रही हैं। किसी को फायदा पहुंचाने के आरोप निराधार हैं। बसों की उपलब्धता को देखते हुए दिल्ली रूट की व्यवस्था की जाएगी।
बलवंत गोदारा, जीएम रोडवेज झज्जर