पानीपत फिल्म के प्रदेश भर में हो रहे विरोध के समर्थन में अब सर्वजातीय कादियान खाप ने भी समर्थन किया है। खाप के सदस्यों ने फिल्म का विरोध करते हुए सोमवार को सीएम के नाम एक ज्ञापन तहसीलदार बेरी को सौंपा। इसमें फिल्म पानीपत में भरतपुर नरेश महाराजा सूरजमल के इतिहास व किरदार को गलत तरीके से पेश करके उनकी छवि को अपमानित करने की बात कही गई है। इससे पूर्व गोशाला में बिल्लू प्रधान की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में सदस्यों ने विरोध जाहिर करते हुए कहा कि फिल्म पानीपत में भरतपुर नरेश महाराजा सूरजमल के किरदार को गलत तरीके से पेश किया। इससे अपमानित किया गया है। सिनेमाघरों में फिल्म पर तुरंत रोक लगाने की मांग की। साथ ही बताया कि फिल्म निर्माता आशुतोष गोवारिकर ने इतिहास को तोड़ मरोड़ के सफेद झूठ द्वारा भरतपुर नरेश महाराजा सूरजमल के विराट चरित्र को धूमिल करने का प्रयास एवं फिल्म महाराजा सूरजमल को लालची व अभद्र भाषा बोलने वाले के रूप में किया गया। जो कि सच्चे इतिहास के वास्तविक स्वरूप से किसी भी प्रकार से मेल नहीं खाता है। इसके द्वारा एक कुकृत्य के द्वारा एक ऐतिहासिक महापुरुष के चरित्र को जानबूझकर धूमिल करने का प्रयास किया। ऐसे में फिल्म पानीपत को पूरे देश में बैन किया जाए एवं फिल्म आशुतोष गोवारिकर पर कार्रवाई की मांग की। मुख्यमंत्री से मांग रखी गई है कि तुरंत प्रभाव से फिल्म पर पाबंदी लगाई जाए, अगर हरियाणा सरकार फिल्म पर बैन नहीं करती है तो सभी खापें मिलकर आंदोलन चलाएंगी। सोमवार को बेरी की तहसीलदार सुदेश मेहरा को ज्ञापन सौंपने वालों में इस बैठक में कादियान खाप जरनल सचिव ओमप्रकाश, सुरेंद्र बेरी, मुकेश, महाबीर, आजाद धौड़, महाबीर सिंह बाघपुर, शिवलाल बेरी, बलबीर, राजपाल सुहाग बिसाहन, जयसिंह, सूबेदार बलवान सिंह व जगबीर मौजूद रहे।