{"_id":"68ffd6835c59ad7753086d2c","slug":"police-commissioner-dr-rajshree-took-back-the-traffic-department-from-acp-dinesh-bahadurgarh-news-c-200-1-bgh1002-118479-2025-10-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jhajjar-Bahadurgarh News: रिंग के मास्टर एसीपी दिनेश...अतिक्रमण कार्रवाई में चित","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jhajjar-Bahadurgarh News: रिंग के मास्टर एसीपी दिनेश...अतिक्रमण कार्रवाई में चित
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। रिंग में अपने दमदार पंच से विरोधियों को चित करने वाले खेल कोटे से एसीपी बने दिनेश कुमार पर अतिक्रमण हटाने की गाज गिरी है। बुलडोजर से सब्जी विक्रेताओं को खदेड़ने का मामला तूल पकड़ने के बाद उनसे ट्रैफिक विभाग वापस ले लिया गया है। पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने उन्हें मुख्यालय अटैच कर दिया है। उन्होंने कार्रवाई की पुष्टि की है।
अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर दिनेश कुमार बहादुरगढ़ में ट्रैफिक एसएचओ रह चुके हैं। फरवरी 2025 में उन्हें एसीपी का चार्ज मिला था। बीते दिनों उन्होंने पटेल नगर में सब्जी विक्रेताओं को बुलडोजर से खदेड़ा था। बकायदा अपने सोशल मीडिया अकाउंट से इसकी रील साझा की थी।
विज्ञापन
कांग्रेस ने इस वीडियो को अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर एसीपी की कार्रवाई पर सवाल उठाए थे। इसके बाद बहादुरगढ़ के डीसीपी मयंक मिश्रा से लेकर डीजीपी ओपी सिंह तक को सफाई देनी पड़ी थी।
विज्ञापन
उनकी मंशा किसी को दुख देने की नहीं : सीपी
पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने अपने फेसबुक अकाउंट पर लिखा, आप सब ये जानते हैं कि हम गरीबों और परेशान लोगों का पूरा ध्यान रखते हैं। हम किसी की भावनाओं को आहत नहीं करते हैं। एसीपी दिनेश कुमार एक रिकॉर्ड होल्डर स्पोर्ट्सपर्सन हैं। उनकी मंशा किसी को दुख देने की नहीं है। फिर भी हम आश्वासन देते हैं कि किसी के साथ ज्यादती नहीं होगी। जनता, दुकानदारों और रेहड़ी वालों से ये उम्मीद है कि वे सड़कों पर अतिक्रमण नहीं करेंगे, ताकि आम लोगों को असुविधा न हो।
एसीपी बनने के बाद रील्स बनाने का चढ़ा शौक
दिनेश कुमार जब बहादुरगढ़ में ट्रैफिक एसएचओ थे तब भी उन्होंने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की थी। हालांकि, वार्ड 27 के पार्षद के बेटे के साथ विवाद के बाद उनका तबादला कर दिया गया था। दिलचस्प यह है कि बहादुरगढ़ में एसीपी बनने के बाद ही उन्हें रील्स बनाने का शौक चढ़ा। मार्च 2025 में उन्होंने दिनेश कुमार बॉक्सर नाम से इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया और रील्स बनानी शुरू की। अब तक वे 121 पोस्ट शेयर कर चुके हैं। उनकी कई रील्स लाखों व्यूज ले चुकी हैं। रेलवे रोड बाजार में दुकानदारों को समझाने वाली रील पर 5.4 मिलियन व्यूज जबकि ड्यूटी के दौरान बनाई रील पर 3.6 मिलियन व्यूज मिले। एसीपी दिनेश कुमार ने अपनी 100वीं रील पटेल नगर में सब्जी की फड़ी लगाने वाले विक्रेताओं पर बुलडोजर की कार्रवाई की पोस्ट की थी। वीडियो में दिनेश कुमार खुद जेसीबी से सब्जियों को हटवाते नजर आ रहे हैं।
डीसीपी बोले-इरादा सही था लेकिन तरीका गलत
बहादुरगढ़ के डीसीपी मयंक मिश्रा ने कहा है कि सोशल मीडिया पर चल रहे वीडियो की जांच कराई गई। यह पटेल नगर की है। चौड़ी-चौड़ी सड़कों पर काफी अतिक्रमण हो रहा था। रोड पर जाम की शिकायतों पर पुलिस कार्रवाई करने गई थी। सही इरादा होने के बावजूद जो तरीका अपनाया गया वह काफी गलत था। एसीपी दिनेश कुमार को भविष्य में सतर्क रहने को कहा गया है।