Jhajjar: पुलिस ने करीब 30 किलो गांजे के साथ युवक को पकड़ा, ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में हुई चेंकिंग
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी युवक रोहतक से गांव ढ़राणा में नशे की तस्करी करने के इरादे से आया था। मामले की जांच कर रहे अधिकारी कुलबीर ने बताया कि ढ़राणा मोड़ पर गांजा सप्लाई की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी।
विस्तार
झज्जर के थाना बेरी के अंतर्गत ढ़राणा मोड़ पर पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने एक युवक को नशे की तस्करी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। पुलिस को सूचना मिली थी कि ढ़राणा मोड़ पर एक युवक ऑटो में नशे का सामान लेकर पहुंचा है। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां एक युवक ऑटो के साथ खड़ा मिला।
जब पुलिस ने ऑटो में रखे प्लास्टिक के कट्टों की जांच की तो उसमें 29 किलो 160 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए युवक की पहचान रोहतक की महावीर कॉलोनी निवासी कवल किशोर के रूप में हुई है। बेरी बीडीपीओ राजाराम को इस मामले में ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया, जिन्होंने ऑटो से बरामद प्लास्टिक के कट्टों का वजन करवाया।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी युवक रोहतक से गांव ढ़राणा में नशे की तस्करी करने के इरादे से आया था। मामले की जांच कर रहे अधिकारी कुलबीर ने बताया कि ढ़राणा मोड़ पर गांजा सप्लाई की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। आरोपी को ऑटो और गांजे के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।