कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य व पूर्व सांसद दीपेंद्र हुड्डा शनिवार को साल्हावास में आयोजित कई कार्यक्रमों में शिरकत करने पहुंचे। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार ने हरियाणा सहित इस पूरे इलाके में विकास के काम को ठप कर दिया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार को पांच साल सत्ता में पूरे होने वाले हैं, लेकिन उनके पास आज अपनी उपलब्धियां बताने के लिये कुछ भी नहीं है। प्रदेश में न तो कोई नया निवेश आया, न ही कोई नई परियोजना आई। न ही कोई नयी फैक्टरी या उद्योग ही लग पाया। इसके उलट, आज पूरे प्रदेश के युवा पिछले 45 साल की सबसे बड़ी बेरोजगारी का दंश झेलने को मजबूर हैं। भाजपा सरकार की दिशाहीन नीतियों का बुरा परिणाम अब आर्थिक तबाही के तौर पर सामने आने लगा है। लोगों को काम देने वाली फैक्ट्रियां एक के बाद एक बंद होने की खबरें आ रही हैं। नई नौकरी मिलना तो दूर, लगी लगाई नौकरी ही जा रही हैं। रुपये की कीमत लगातार गिरती जा रही है। व्यापार ठप पड़ रहा है, बाजार में निवेशकों का पैसा डूब रहा है। ऐसा कोई क्षेत्र नहीं है जो मंदी की मार न झेल रहा हो। उन्होंने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि पिछले 5 साल में प्रदेश को तबाह करने वाली भाजपा सरकार अब फिर से लाइसेंस रिन्यू कराने की फिराक में है। लेकिन, जनता इनकी असलियत समझ चुकी है और इनको प्रदेश की सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।