{"_id":"56f196b44f1c1b2c02f14dde","slug":"jhajjar-hindi-news-crime-news-thief-jhajjar","type":"story","status":"publish","title_hn":" बस में बैठे वृद्ध के थैले से उड़ाए 50 हजार","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
बस में बैठे वृद्ध के थैले से उड़ाए 50 हजार
ब्यूरो/अमर उजाला, झज्जर
Updated Wed, 23 Mar 2016 12:32 AM IST
विज्ञापन
वृद्घ के थैले से 50 हजार चुराए
- फोटो : bureau
बस स्टैंड पर बस में बैठे गांव गिरावड़ के चंद्रभान के थैले से चोरों ने 50 हजार रुपये पर हाथ साफ कर दिया। चंद्रभान गांव में मकान बना रहा है। कई दिन बैंक बंद रहेंगे, यही सोचकर उसने मंगलवार सुबह पीएनबी बैंक से पचास हजार रुपये निकाले थे।
विज्ञापन
बस में एक बालक व युवक ने उसे बातों में उलझा कर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने वृद्ध की शिकायत छानबीन शुरू कर दी है। दो दिन पहले इसी प्रकार बहादुरगढ़ में भी एक महिला मुकेश देवी के थैले को काट कर 80 हजार रुपये उड़ाने का मामला आया था।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार गिरावड़ निवासी चंद्रभान सेना से रिटायर्ड है। पिछले कई दिन से वह गांव में ही मकान के निर्माण में लगा हुआ है। इसके लिए उसे रुपयों की जरूरत थी। रुपयों की जरूरत के चलते वह झज्जर बस स्टेंड के सामने स्थित पंजाब नेशनल बैंक से रुपये निकालने आया था।
विज्ञापन
उसने अपने खाते से 50 हजार रुपये निकाले और राशि को थैले में रखकर वह दस कदम दूर बस स्टेंड पर आ गया। गांव जाने के लिए बस में सवार हुआ ही था कि एक युवक व बालक उसके पास आए।
उसे बातों में उलझाया और मौका लगते ही थैले से 50 हजार रुपये निकाल ले गए। वृद्ध को इसका आभास ही नहीं हुआ। वह अपने घर पहुंचा और थैले से रुपये निकालने लगा तो राशि गायब मिली।
इसके बाद वह परिजनों के साथ वापस झज्जर पहुंचा, मामले की सूचना पुलिस को दी। छानबीन शुरू हुई, लेकिन रुपए उड़ाने वालों का कोई सुराग नहीं लगा। वृद्ध की मानें तो बस के चलने से पहले ही बालक व युवक बस स्टेंड पर उतर गए थे। पुलिस छानबीन में लगी है।
चोर गिरोह के निशाने पर वृद्ध
झज्जर जिले में एक ऐसा चोर गिरोह सक्रिय है जो कि वृद्ध लोगों को निशाना बनाता है। दो दिन पहले बहादुरगढ़ के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में रुपये जमा कराने आयी महिला मुकेश के थैले को काट कर चोरों ने 80 हजार रुपये उड़ा लिए थे।
पुलिस बैंक के सीसीटीवी खंगाल कर अभी चोरों का सुराग लगाने में जुटी थी कि झज्जर में वृद्ध फौजी के थैले से 50 हजार रुपये उड़ा लिए गए। दोनों ही वारदातों में पुलिस को चोर गिरोह के बारे में कुछ सुराग नहीं लगा है।
थैले से रुपये उड़ाने की यह कोई पहली वारदात नहीं है। पिछले दिनों बाजार में घर का सामान लेने आयी एक वृद्धा के कपड़ों पर गंदा पदार्थ डाल कर उसके थैले से 80 हजार रुपये निकाले गए थे। दिन ब दिन गिरोह इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा है। लेकिन पुलिस आंखें बंद करके बैठी है।
त्यौहार के मौके पर ठगी व चोरी की वारदातें आम हैं। पुलिस मुस्तैदी का दावा तो करती है, लेकिन बदमाश वारदात कर फरार हो जाते हैं। 23 मार्च को होली है और रुपये चुराने की दो वारदातें हो चुकी हैं।
इससे पहले दिवाली के मौके पर भी स्टेट बैंक ऑफ पटियाला में एक्साइज विभाग में चपरासी जयनारायण सिंह से 1 लाख 65 हजार 600 रुपये उड़ा लिए थे। जमीन पर दस दस के नोट डाल कर उसे उलझा कर ये वारदात की गई थी। दिवाली के मौके पर ठीक इसी प्रकार झज्जर की वारदात से दो दिन पहले स्टेट बैंक बहादुरगढ़ से आरटीए कर्मी से चार लाख रुपये उड़ा ले गए थे। इन वारदातों को पुलिस छह माह बाद भी नहीं सुलझा पायी है।
अनसुलझी वारदातें
- 10 मार्च - सांपला रोड बाईपास के पास पिस्तौल तान कर फाइनेंस कंपनी के कारिंदे ऋषिराज से 1.72 लाख की लूट।
-26 फरवरी-रामनगर में माता गेट पर स्कूल संचालक अशोक गोदारा की मां भतेरी को बंधक बना कर आठ तोला सोना लूटा।
-20 दिसंबर, 2015-बेरी में रिटायर्ड हेडमास्टर के थैले को काट कर 1.50 लाख रुपये उड़ाए।
- 6 नवंबर 2015-स्टेट बैंक ऑफ पटियाला में एक्साइज विभाग के चपरासी जय नारायण से 1 लाख 65 हजार 600 रुपये उड़ाए।
वृद्ध के थैले से 50 हजार रुपये चुराने के मामले में शिकायत मिली है। पुलिस छानबीन कर रही है। कोई गिरोह काम कर रहा है तो पुलिस उसको जल्द ही काबू कर लेगी। आमजन भी पैसों के मामले में एहतियात बरतें। - राजीव, डीएसपी