Haryana News: केएमपी पर भीषण हादसा, पांच लोगों की मौत, मृतकों में चार गुजरात और एक राजस्थान का
हादसे की सूचना मिलने पर गुजरात से डेयरी प्लांट चेयरमैन अशोक चौधरी अपने साथियों के साथ दोपहर बाद नागरिक अस्पताल पहुंचे। बादली थाना पुलिस ने फिलहाल भारतीय दंड संहिता की धारा 279 व 304 ए के तहत केस दर्ज कर लिया है।
विस्तार
कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। गुजरात नंबर की क्रेटा कार किसी वाहन से टकरा गई। चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक ने पीजीआई रोहतक में दम तोड़ दिया। जान गंवाने वाले चार गुजरात और एक राजस्थान का है। डीएसपी अरविंद दहिया, एसएचओ रमेशचंद समेत अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घटना की छानबीन की। हादसे की सूचना पाकर गुजरात से मृतकों के परिचित पहुंच गए। पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने तीन शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। चौथा शव बहादुरगढ़ नागरिक अस्पताल और पांचवां शव रोहतक पीजीआई में रखा है।
जानकारी अनुसार केएमपी पर बादली-बुपनियां गांव के बीच पेट्रोल पंप के नजदीक सुबह 6:30 बजे यह हादसा हुआ है। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। मृतकों की पहचान पार्थिल चौधरी (25) निवासी मेहसाणा, मुकेश चौधरी (38) निवासी सीतापुर पाटन, जगदीश चौधरी (28) निवासी कमालपुर पाटन, भरत कुमार चौधरी (32) निवासी सीतापुरा धीनोज गुजरात और हंसराज (25) निवासी धदेसरी खरिया खंगार जोधपुर राजस्थान के रूप में हुई है।
केएमपी पर लगे सीसीटीवी फुटेज की होगी जांच
कार में सवार पांचों लोग गुजरात से चले थे और मानेसर से केएमपी के रास्ते बहादुरगढ़ आ रहे थे। बादली के पास यह हादसा हो गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसा किस वाहन के साथ हुआ, इस बारे में अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। हादसे की जांच के लिए केएमपी पर लगे सीसीटीवी की फुटेज की जांच की जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
हादसे की सूचना मिलने पर गुजरात से डेयरी प्लांट चेयरमैन अशोक चौधरी अपने साथियों के साथ दोपहर बाद नागरिक अस्पताल पहुंचे। बादली थाना पुलिस ने फिलहाल भारतीय दंड संहिता की धारा 279 व 304 ए के तहत केस दर्ज कर लिया है।
इनके शवों का हुआ पोस्टमार्टम
पार्थिल चौधरी, मुकेश चौधरी और जगदीश चौधरी के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए हैं। हंसराज पुत्र छोटाराम के परिजन बहादुरगढ़ नहीं पहुंच पाए हैं, जिस कारण शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया है। भरत कुमार का शव रोहतक पीजीआई में रखा है।