{"_id":"2d3226266aab0e84818fd9fb87a2bf41","slug":"3526-youth-of-the-290-successful-candidates-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"3,526 युवाओं में से 290 अभ्यर्थी सफल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
3,526 युवाओं में से 290 अभ्यर्थी सफल
ब्यूरो/अमर उजाला, झज्जर बहादुरगढ़
Updated Mon, 03 Nov 2014 12:09 AM IST
विज्ञापन
भारतीय सेना के रोहतक स्थित भर्ती कार्यालय की ओर से आयोजित खुली भर्ती के पांचवें दिन रविवार को लिपिक पद पर भर्ती के लिए सोनीपत के युवाओं ने भाग लिया।
विज्ञापन
भर्ती में कुल 3,526 युवा भाग लेने के लिए पहुंचे, लेकिन अंत में 290 अभ्यर्थी ही फिजिकल में पास हो पाए। 236 युवा शारीरिक लंबाई कम होने और 321 युवा दस्तावेज पूरे न होने के कारण भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो गए।
विज्ञापन
सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करने का जज्बा युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है। युवाओं में भर्ती को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया।
युवाओं में लिपिक और स्टोरकीपर पद के लिए भी उतना ही उत्साह दिखाई दिया, जितना उत्साह पिछले चार दिनों में जनरल ड्यूटी की भर्ती के दौरान दिखाई दिया था।
भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लेने के लिए रात से ही युवाओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सुबह पुलिस लाइन के आसपास मेले जैसा माहौल नजर आया।
खास बात रही कि फिजिकल टेस्ट में असफल रहे अधिकांश युवाओं के चेहरे पर भी हताशा नजर नहीं आई। युवा यही कहते सुने गए कि इस बार नहीं तो क्या, अगली बार जरूर सफल रहेंगे।
विज्ञापन
दौड़ के दौरान टूटी टांग
भर्ती दौड़ के दौरान सोनीपत जिले के गांव भावड़ निवासी राकेश पुत्र जयपाल पहले ही राउंड में गिरकर घायल हो गया। इस दौरान उसकी टांग टूट गई।
उसे स्थानीय सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया। यहां से प्राथमिक उपचार दिलाने के बाद परिजन उसे किसी निजी अस्पताल में लेकर चले गए।
आज झज्जर के युवा लेंगे भाग
लिपिक और स्टोरकीपर पद के लिए आज झज्जर के युवाओं को मौका मिलेगा। चार नवंबर को रोहतक, पांच नवंबर को पानीपत जिले के युवा भर्ती में भाग ले सकते हैं।
पांच नवंबर को ही रक्षा सेवा कोर के लिए हिमाचल प्रदेश, हरियाणा (पलवल, फरीदाबाद, गुड़गांव, मेवात को छोड़कर) और चंडीगढ़(यूटी) के निवासी भूतपूर्व सैनिक, जिन्होंने रजिस्ट्रेशन एआरओ कार्यालय में नाम दर्ज करा रखा हो, भर्ती में शामिल हो सकते हैं।