Haryana: नशे की ओवरडोज से युवती की मौत, पोस्टमार्टम ना कराने पर अडे़ परिजन, तोड़े अस्पताल के शीशे
23 वर्षीय पूनम को 25 जुलाई को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों ने चिकित्सकों को बताया था कि युवती ने गलती से जहरीला पदार्थ निगल लिया है। वहीं, मेडिकल रिपोर्ट में ड्रग ओवरडोज की पुष्टि हुई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आंबेड़कर बस्ती की एक 23 वर्षीय युवती की नशे की ओवरडोज से मौत के बाद परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। परिजनों ने निजी अस्पताल में हंगामा करते हुए तोड़फोड़ की। अस्पताल के शीशे तोड़ दिए। पुलिस शव को एंबुलेंस में ले जाने लगी तो एंबुलेंस व पुलिस की गाड़ी को घेर लिया। पुलिस की गाड़ी के शीशे तोड़कर पुलिसकर्मियों पर हमला किया। जिसमें एएसआई व अन्य पुलिसकर्मियों को हल्की चोट आई हैं। इन लोगों ने नागरिक अस्पताल के पास करीब एक घंटे तक जाम लगाया। बाद में पुलिस के समझाने पर भी नहीं हटे। पुलिस ने जाम लगा रहे लोगों पर हल्के बल का प्रयोग करते हुए उनको गाड़ी में बैठा लिया। करीब 50 से 60 लोगों को हिरासत में लिया है।
25 जुलाई को अस्पताल में करवाया था भर्ती
आंबेडकर बस्ती की रहने वाली 23 वर्षीय पूनम को 25 जुलाई को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों ने चिकित्सकों को बताया था कि युवती ने गलती से जहरीला पदार्थ निगल लिया है। बुधवार दोपहर युवती ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने जहर निगलने का संदेहजनक मामला होने की आशंका पर पुलिस को सूचित किया जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल ले जाने लगी तो युवती के परिजनों व रिश्तेदारों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। भीड़ ने अस्पताल में आईसीयू के गेट को तोड़ दिया। पुलिस एंबुलेंस में शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल ले जाने लगी तो परिजनों ने पत्थरों से अस्पताल में हमला कर दिया। पुलिस ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो भीड़ ने उन पर भी हमला कर दिया। हमले में एएसआई नवीन व एसपीओ सुभाष को चोटें लगीं।
मेडिकल रिपोर्ट में ड्रग ओवरडोज की पुष्टि
डॉक्टरों की मेडिकल रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि लड़की की मौत ड्रग्स के ओवरडोज से हुई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि 24 जुलाई को पड़ाव चौकी पुलिस टीम ने विकास नगर क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान झुग्गी-झोपड़ी, नांगलोई (दिल्ली) के रहने वाले एक व्यक्ति राजा को काबू किया था। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 5.08 ग्राम चिट्टा मिला। हिसार सिटी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया था।
पूछताछ के दौरान आरोपी राजा ने खुलासा किया कि उसने यह नशीला पदार्थ आंबेडकर बस्ती की रहने वाली पूनम से 12 हजार रुपये में खरीदा था। इस आधार पर पुलिस आरोपी महिला की गिरफ्तारी के लिए आरोपी राजा को साथ लेकर रेड की। मौके पर पहुंचने के बाद राजा ने एक महिला की तरफ इशारा किया कि वह पूनम है। पुलिस को देख महिला ने अपने हाथ में ली हुई कोई चीज निगल ली। जिसके कारण उसकी हालत बिगड़ गई।
महिला के परिवारजनों ने उच्च जोखिम उपचार के लिए सहमति पत्र पर हस्ताक्षर कर लिखित में स्पष्ट किया गया कि वे इस मामले में कोई पुलिस कार्रवाई नहीं चाहते, गलती से नशीला पदार्थ खाया है। मृतका के परिवारजन पहले भी नशीले पदार्थों की खरीद फरोख्त में शामिल रहे हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार पूनम के परिवारजनों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत सिटी थाने में छह केस दर्ज हैं।
चिकित्सकों की रिपोर्ट में साफ है कि युवती की मौत नशे की ओवरडोज के कारण हुई है। कुछ असामाजिक तत्व मौके का लाभ उठाकर लोगों को भड़काना चाह रहे थे। मामले को बिना कारण तूल देकर निजी अस्पताल में तोड़फोड़ की गई। तोड़फोड़ करने वालों की पहचान की जा रही है। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। -शशांक कुमार सावन, एसपी, हिसार