हिसार। ढंढूर में राशन डिपो से आटा लेने गई बुजुर्ग महिला का पैर नोचने वाली मादा पिटबुल सहायक खाद्य निरीक्षक की निकली। शुक्रवार को इस मामले की जांच के लिए मुख्यमंत्री उड़नदस्ता ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सहायक खाद्य निरीक्षक के दूसरे मकान में पाकिस्तानी बुली नस्ल की 2 कुतिया भी मिलीं, जिनका नाम लीजा व चार्ली है।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता को सूचना मिली कि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक कृष्ण कुमार ने मिलगेट स्थित ढाणी किशनगढ़ में पिटबुल व अन्य कुत्ते नस्ल के कुत्ते पाले हुए हैं, जो लोगों को काट लेते हैं। बलबीर कौर को काटने वाली पिटबुल कुतिया भी कृष्ण कुमार की ही है, जो उस दिन ढूंढर वाले गोदाम में थी। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता के साथ सहकारी समिति के असिस्टेंट रजिस्ट्रार संदीप खटकड़ को सक्षम चेकिंग अधिकारी नियुक्त किया गया। इस दौरान टीम में शामिल ईश्वर सिंह, सब इंस्पेक्टर रणधीर सिंह, एसआई बजरंग ने ढाणी किशनगढ़ स्थित मकान पर औचक निरीक्षण किया। इस मकान में पाकिस्तानी बुली नस्ल की 2 कुतियां मिलीं। लोगों ने बताया कि दोनों कुतियां भी कृष्ण कुमार की ही हैं लेकिन देखभाल के लिए किरायेदार गीता के पास छोड़ रखी हैं। इसके अलावा टीम निरीक्षक कृष्ण कुमार बारह क्वाटर रो स्थित मकान पर गई तो वहां सफेद रंग की पोमेरेनियन नस्ल की कुत्तिया मिली, जिसका नाम बर्फी है। जांच टीम ने कृष्ण कुमार के खिलाफ बिना अनुमति खतरनाक कुत्ते पालने की रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी है।