हिसार। भाजपा नेता सोनाली फोगाट की मौत मामले में सीबीआई को जांच सौंपने से पहले आरोपी सुधीर सांगवान ने गोवा पुलिस की जांच के दौरान अपना कबूलनामा दिया था। आरोपी सुधीर सांगवान ने अपने कबूलनामे में लिखा है कि सोनाली फोगाट के कहने पर ही वेटर से एमडीएमए ड्रग्स मंगवाई थी। बुक किए गए रिजॉॅर्ट के कमरे में तीनों ने ड्रग्स ली थी। उसके बाद मैं सोनाली को स्कूटर पर बैठा कर क्लब ले गया था। दूसरे स्कूटर पर सुखविंद्र क्लब पहुंचा था। वहीं सोनाली के साथ दिखी दोनों युवतियों की पहचान हो चुकी है। एक युवती वायना आरोपी सुखविंद्र की दोस्त है और दूसरी युवती वायना की सहेली है।
गोवा पुलिस को दिए गए कबूलनामे में आरोपी सुधीर सांगवान ने बताया है कि क्लब में जूस, केक और बीयर की बोतल मंगवाई थी। रात करीब एक बजे सोनाली को डांस फ्लोर पर लेकर गया था। जहां पर ड्रग्स और शराब पीने के कारण उसकी तबीयत खराब हो गई थी। डांस करते समय उसकी दो बार तबीयत खराब हो गई थी। उसके बाद उसे शौचालय लेकर गया था। जब पहली बार सोनाली को शौचालय लेकर गया उस समय उसने उल्टी की और वापस डांस फ्लोर पर आ गई। कुछ देर बाद उसकी दोबारा तबीयत खराब हो गई और उसे दोबारा से शौचालय लेकर गया वहां पर सोनाली बैठ गई। उस दौरान सोनाली ने कहा कि वह चल नहीं सकती। उसे दो घंटे तक वहीं पर बैठा कर रखा और बाद में उसे रिजॉर्ट ले आया। वहीं सीबीआई कभी भी आरोपी सुधीर सांगवान और सुखविंद्र से पूछताछ कर सकती है।