इंजीनियर की बाइक चोरी, उसी के घर पांच किलो चांदी ढूंढने पहुंच गई पुलिस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुलिस के भी अजब गजब कारनामे हैं। जिस सिविल इंजीनियर ने बाइक चोरी होने की शिकायत की पुलिस उनकी बाइक चोरी का केस दर्ज करने की बजाए उनके घर ही पांच किलो चांदी ढूंढने के लिए पहुंच गई। जब मामले के बारे में इंजीनियर के मकान मालिक को पता चला तो मालिक थाने पहुंच गए। मालिक ने कहा कि किस कानून के तहत मेरे घर तलाशी लेने पहुंचे। बिना सर्च वारंट के एक इज्जतदार व्यक्ति के घर आपका तलाशी लेने जाने का क्या औचित्य है। इस पर पुलिस की खूब मिट्टी पलीत हुई। थाने पहुंचे मकान मालिक को एसएचओ ने बड़ी मुश्किल से समझाबुझाकर कर शांत कर वापस भेजा। एसएचओ ने मकान मालिक को कहा कि ये हमारे स्टाफ की गलती है उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए था।
यह है मामला
सेक्टर 9-11 में यूपी के लखनऊ निवासी सिविल इंजीनियर धनंजय हुडा के एक जेई के मकान में किराये पर रह रहे हैं। धनंजय एनएच 65 का काम कर रही पटेल इंफ्रास्ट्रक्चर में सिविल इंजीनियर हैं। 24 दिसंबर की रात को घर के बाहर सेक्टर 9-11 से धनंजय की बाइक चोरी हो गई। यह बाइक उसके किसी जानकार राजीव नगर निवासी की है। धनंजय ने जब सुबह बाइक संभाली तो वह नहीं मिली। मामले की शिकायत उन्होंने सुबह पुलिस को दे दी। पुलिस ने लिखित शिकायत लेकर रख ली मगर दर्ज नहीं की। मकान मालिक ने सीसीटीवी फुटेज निकालने के लिए पुलिस को अपने घर बुलाने के लिए बार बार फोन किए। पुलिस नहीं पहुंची। 26 दिसंबर को पुलिस को फोन आया कि शिकायत दोबारा लिखकर जाओ। मकान मालिक व सिविल इंजीनियर दोबारा शिकायत लिखकर आ गए। सुबह अचानक पुलिस टीम सहित घर की तलाशी लेने के लिए पहुंच गई। पुलिस ने घर का सारा सामान खंगाल दिया मगर उन्हें कुछ नहीं मिला। जब मकान मालिक को इसके बारे में पता चला तो उन्होंने थाने पहुंचकर एसएचओ से बात की।
पुलिस ने दी ये सफाई
पुलिस ने मकान मालिक के सामने खुद को लाचार बताया। कहा कि सिविल लाइन एरिया में खूब चोरी हो रही है। पांच किलो से ज्यादा चांदी व सोने के गहने चोरी हो चुके हैं। इसलिए तलाशी लेने पहुंच गए। हमें शक था कि कहीं चोरी इसी व्यक्ति ने तो नहीं की। ऐसा तो नहीं था कि पुलिस को गुमराह करने के लिए ऐसा किया गया हो। एसएचओ ने ये तक कहा कि हमने आसपास फुटेज की फुटेज मिली है। फुटेज में एक युवक के जूते दिखाई दे रहे हैं। इंजीनियर व चोर के जूते कुछ मेल खा रहे हैं इसलिए टीम पहुंच गई होगी।
बाइक चोरी का मामला है। गश्त के दौरान वही बाइक एक चोर मॉडल टाउन में छोड़कर फरार हो गया था। इस मामले में जांच कर रहे थे। कोई बड़ी बात नहीं थी।
- गौरव शर्मा, एसएचओ सिविल लाइन थाना
इंडस्ट्रियल एरिया चौकी से सेक्टर 9-11 में चोरी के संबंध में कोई स्टाफ तलाशी लेने नहीं गया। हालांकि मेरा तो इस चौकी से तबादला हो चुका है।
- रामपाल, एएसआई, इंडस्ट्रियल एरिया चौकी