बरवाला। कपास मंडी में होने वाली नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की रैली को लेकर बुधवार को उपायुक्त प्रदीप दहिया व पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने सुरक्षा के मद्देनजर रैली स्थल का जायजा लिया। इस दौरान कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार राम निवास घोड़ेला, एसडीएम डॉ. वेद प्रकाश व अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। जानकारी के अनुसार 625 से अधिक पुलिसकर्मी, 5 इंस्पेक्टर, चार सब इंस्पेक्टर, 5 डीएसपी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। इसके अलावा ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात होंगे।
एसपी दीपक सहारन ने सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेते डीएसपी गौरव शर्मा व थाना प्रभारी राज कुमार को जरूरी निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियाें ने उन पुलिसकर्मियाें की रिहर्सल करवाई जिनकी ड्यूटी रैली में लगी है। इसके अलावा कांग्रेस के स्वयंसेवक भी व्यवस्था संभालते नजर आएंगे। बरवाला में आयोजित रैली में कुमारी सैलजा व रणदीप सुरजेवाला के पहुंचने पर संशय है। कुमारी सैलजा ने असंध में राहुल गांधी की रैली के बाद टोहाना का कार्यक्रम जारी किया है। इसके बाद उनकी दो जनसभा हिसार शहर में होंगी। सैलजा ने अपने कार्यक्रमों में बरवाला की रैली को शामिल नहीं किया है।