हिसार। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) के इंदिरा चक्रवर्ती सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय के मानव विकास एवं पारिवारिक अध्ययन विभाग की प्री-स्कूल प्रयोगशाला छह साल बाद फिर शुरू हो गई। इसका पुन: शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीआर काम्बोज ने किया।
सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. मोनिका शर्मा ने बताया कि विभाग की स्थापना 1979 में हुई थी। 2 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए प्री-स्कूल प्रयोगशाला 1993 में स्थापित की गई थी। कोविड-19 महामारी के दौरान 2020 में इसका संचालन बंद करना पड़ा था। उन्होंने बताया कि प्रयोगशाला के दोबारा शुरू होने से बच्चों के साथ उनके अभिभावकों को भी लाभ मिलेगा। इस मौके पर डॉ. वर्षा, सहायक वैज्ञानिक डॉ. पूनम मलिक, सहायक प्राध्यापक डॉ. अन्नु, डॉ. रीना और डॉ. रजनी खन्ना मौजूद रहीं।