Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Hisar News ›   People kept wandering with family ID, somewhere empty chairs and somewhere disappointed

Hisar News: फैमिली आईडी लेकर भटकते रहे लोग, कहीं खाली कुर्सियां तो कहीं मिली निराशा

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Sat, 29 Apr 2023 12:29 AM IST
विज्ञापन
People kept wandering with family ID, somewhere empty chairs and somewhere disappointed
हिसार। जिला प्रशासन की ओर से लगाए परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) को अपडेट करने के लिए लगाए गए शिविरों में पहले दिन अव्यवस्था का आलम रहा। नगर निगम क्षेत्र में 35 स्थानों पर शिविर लगाया गया। शिविर में पहुंचे लोगों के पीपीपी का रिकॉर्ड नहीं मिला। कई बूथ लेवल अधिकारी रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं करा सके। जिस कारण लोगों को लौटना पड़ा। पीपीपी में आय में सुधार कराने पहुंचे लोगों को भी निराश लौटना पड़ा। अमर उजाला ने कुछ केंद्रों का निरीक्षण किया, जिसकी रिपोर्ट प्रस्तुत है।
विज्ञापन


वार्ड-14 में कैंप को ढूंढ़ती रही कर्मचारी
वार्ड-14 में कैंप के लिए सेक्टर-13 के सामुदायिक केंद्र के सामने स्थित एसबीआई के बेसमेंट की जगह निर्धारित की गई थी। अमर उजाला संवाददाता दोपहर साढ़े 12 बजे मौके पर पहुंचे तो खाली कुर्सी-मेज के अलावा कुछ नहीं मिला। इतनी ही देर में एक महिला यहां पहुंची, जिन्होंने अपना नाम रीतू बताया और कहा कि वह एडीसी कार्यालय में कार्यरत हैं। महिला कर्मचारी ने संवाददाता से पूछा कि कैंप कहां लगा हुआ है। इस पर संवाददाता ने कहा कि आपको तो कैंप के बारे में पता होना चाहिए, क्योंकि आपकी ड्यूटी लगी हुई है। महिला कर्मचारी ने कहा कि उसे नहीं मालूम।
विज्ञापन

इस पर संवाददाता से बैंक कर्मचारी से कैंप के बारे में पूछा तो उसे बताया कि कैंप पास के सामुदायिक केंद्र में लगा हुआ है। जब वहां जाकर देखा तो वहां भी खाली कुर्सी-मेज के अलावा कुछ नहीं मिला। इतनी ही देर में महिला कर्मचारी भी वहां आ गई। वहां भी किसी न देखकर उन्होंने किसी से फोन कर कैंप के बारे में पूछा। इसी बीच एक आदमी व महिला वहां पहुंचे। आदमी ने अपना नाम सेक्टर 16-17 निवासी ओमप्रकाश बताया। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी की शादी हो चुकी है। उन्हें उसका नाम हटवाना है। महिला कर्मचारी ने उन्हें डाबड़ा चौक स्थित सीएससी में जाने को कहा। इस पर ओमप्रकाश ने कहा कि वहां तो शुल्क वसूला जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

वार्ड-15 में कैंप से नदारद मिले बीएलओ व सक्षम युवा
वार्ड-15 के लिए कैंप जाट कॉलेज रोड पर कृष्णा नगर पुराने रेलवे फाटक के पास स्थित सीएससी में लगाया हुआ है। संवाददाता जब यहां पहुंचा तो तीन से चार लोग पीपीपी में संशोधन करवा रहे थे। मगर यहां न तो एक भी बीएलओ और न ही कोई सक्षम युवा था। संवाददाता ने वहां तैनात दो युवकों से पूछा तो उन्होंने बताया कि यह सेंटर उनका है। उन्होंने अपना नाम मोहित व सौरभ बताया। संवाददाता ने जब उनसे पूछा कि बीएलओ कहां है तो पहले कुछ देर उन्होंने कुछ जवाब नहीं दिया। फिर कहा कि अभी 10-15 मिनट पहले ही यहां से गए हैं। मोहित ने बताया कि सुबह से कैंप में करीब 50 लोग आ चुके हैं। कैंप में आए जयदेव नगर निवासी नीरज ने बताया कि उसे अपने माता-पिता की पेंशन के लिए उनकी उम्र वेरिफाई करवानी है, मगर कैंप में तो बीएलओ ही नहीं है।
कहीं नहीं मिली सुविधा
सीनियर सिटीजन क्लब में लगाए गए कैंप में कर्मी उपलब्ध थे। यहां आय में सुधार कराने आए आरएस शर्मा को लौटना पड़ा। पीपीपी कैंप में काम कर रहे कर्मियों ने बताया कि यह सुविधा उपलब्ध नहीं है। जिला प्रशासन की ओर वोटर कार्ड को पीपीपी से अटैच करने की सुविधा भी दी गई थी। सुबह से लेकर दोपहर बाद तक यहां केवल 6 लोग ही पहुंचे।

नगर निगम में 35 तथा सभी गांवों में एक-एक स्थान पर कैंप लगाए गए हैं। मैंने व अधिकारियों की अन्य टीम ने शिविर का निरीक्षण किया। अधिकतर स्थानों पर काम सही मिला। कुछ जगह से दिक्कतें थी, जिन्हें दूर कराया गया है। शनिवार व रविवार को भी कैंप लगाए जाएंगे। - अभिषेक, जिला प्रबंधक, परिवार पहचान पत्र सांख्यिकी विभाग, हिसार
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed