ज्वैलर्स का दिनदहाड़े पिस्टल प्वाइंट पर अपहरण, ढाई लाख लेकर छोड़ा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शहर में दिनदहाड़े बस स्टैंड के नजदीक जिंदल पार्क के सामने मोती बाजार के एमआर ज्वैलर्स के मालिक रामेश्वर दास का पिस्टल प्वाइंट पर बदमाशों ने अपहरण कर लिया। अपहरण करने वाले बदमाशों ने उससे दस लाख रुपये की फिरौती की मांग की। वे उसे गाड़ी में डालकर नहला पाबड़ा व भूना की तरफ घुमाते रहे और दस लाख रुपये देने का दबाव बनाते रहे। हाथ पांव जोड़कर ज्वैलर्स ने अपनी बिटिया के हाथ घर से ढाई लाख रुपये मंगवाए। बदमाशों को रुपयों का बैग थमाकर उसने मुश्किल से अपनी जान बचाई। रुपये लेकर बदमाश मौके से फरार हो गए। मामले की शिकायत ज्वैलर्स ने पुलिस को दी है। पुलिस ने रामेश्वर की शिकायत पर दो महिला सहित चार लोगों के खिलाफ अपहरण, फिरौती व आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।
यूं हुई वारदात
मोती बाजार में रहने वाले ज्वैलर्स रामेश्वर दास सुबह 9 बजे अपने स्कूटर पर सवार होकर घर से निकले थे। वह जब जिंदल पार्क गेट के सामने पहुंचा तो एक सफेद रंग की ईओन गाड़ी नजदीक आई। गाड़ी में दो लड़के व दो महिलाएं सवार थी। गाड़ी चालक ने उतरकर अचानक कनपटी पर पिस्टल लगा दिया। स्कूटर की चाबी व मोबाइल छीनकर जबरदस्ती गाड़ी में डाल लिया। उन्होंने गाड़ी में बैठाकर मारपीट की और नहला पाबड़ा भूना की तरफ ले गए। उन्होंने दस लाख रुपये की डिमांड की।
महिला किडनैपर भी बताई साथ
ज्वैलर्स को किडनैप कर फिरौती मांगने के मामले में महिला किडनैपर का नाम सामने आया है। पहली बार इस तरह के मामले में महिला किडनैपर का होना चौंकाने वाली बात है। हालांकि महिलाओं द्वारा महिलाओं के साथ गाड़ी में बैठाकर सोने के गहने लूटकर ले जाने की कई वारदात जिले में हो चुकी हैं, मगर इस तरह से सरेआम दिनदहाड़े महिलाओं द्वारा किडनैपिंग की वारदात ने पुलिस को सकते में ला दिया है।
हाथ जोड़कर की प्रार्थना
रामेश्वर दास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उसने हाथ जोड़कर बदमाशों से मिन्नतें की। कहा कि मेरे पास दस लाख रुपये नहीं है मुझे छोड़ दो। उन्होंने फिर कहा कि तुम कितने दे सकते हो। रामदास ने कहा कि मेरे पास घर पर केवल ढाई लाख रुपये हैं वे दे सकता हूं। इस पर वे रजामंद हो गए। वे उसे वापस हिसार ले आए और तलाकी गेट पर पहुंच गए। रामेश्वर दास के नंबर से ही दबाव बनवाकर उसकी बेटी के पास कॉल की। बेटी को गाड़ी का नंबर भी बता दिया गया। जब वह बैग में ढाई लाख रुपये लेकर पहुंची तो उससे बैग लेकर रामेश्वर दास को धक्के माककर गाड़ी से उतार दिया और गाड़ी लेकर बदमाश मौके से फरार हो गए।
चारों के नाम बताए
रामेश्वर दास ने चारों बदमाशों के नाम बताए हैं। पुलिस के सामने उन्होंने कहा है कि वे आपस में एक दूसरे का भगवानदास, कृष्णा, रमेेश चंद्र और निर्मला नाम ले रहे थे। किडनैप कर वे जब उसे इधर उधर घुमाते रहे तो इस दौरान उसने उनके नाम याद कर लिए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। बदमाशों को पकड़ने के लिए टीम गठित की गई है। बदमाशों को पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास जारी है।
- जयपाल सिंह, डीएसपी सिटी
पहले हुआ था आढ़ती का किडनैप
इससे पहले दो अगस्त को जहाजपुल से कार सवार नई सब्जी मंडी के आढ़ती सुनील बजाज का स्कॉर्पियो सवार चार लोगों ने गन प्वाइंट पर अपहरण कर लिया था। बाद में उसको ढाणी श्यामलाल के एक मकान में ले जाकर मारपीट की गई थी और उससे 25 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। दो घंटे बाद उसे 10 लाख रुपये की फिरौती लेकर छोड़ा गया था। आढ़ती ने इस बारे में ढाणी श्यामलाल के इंद्र गुर्जर समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया था। पुलिस तीन को गिरफ्तार कर चुकी है।
इधर दूसरे पक्ष ने लगाया बेटी से रेप करने का आरोप
ज्वैलर्स का अपहरण का ढाई लाख रुपये की फिरौती मामले में दो महिलाओं सहित चार लोगों की गिरफ्तारी के बाद नया मोड़ आ गया है। पुलिस के सामने परिवार ने उनकी बेटी से ज्वैलर्स द्वारा रेप किए जाने का आरोप लगाया है। फतेहाबाद जिला के रहने वाले इस परिवार से पुलिस पूछताछ में यह जानकारी मिली है। पुलिस इस मामले के बाद गहनता से जांच कर रही है। प्राथमिक रिपोर्ट के हिसाब से पुलिस ने किडनैपिंग व फिरौती मांगने का मामला दर्ज किया है।
युवती आई थी ज्वैलर्स की दुकान पर, वहां से बढ़ी थी बात
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पकड़े गए लोगों की बेटी अपने परिवार के लोगों के साथ कुछ दिन पहले गहने खरीदने के लिए हिसार रामेश्वर के पास आई थी। रामेश्वर के साथ उसकी बातचीत हो गई। आरोप है कि 50 साल से अधिक उम्र के रामेश्वर ने बेटी को बहला फुसला कर उसके साथ गलत काम किया। मामले के बारे में जब परिवार को पता चला तो उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज करवाने की बात कही। दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई। युवती पक्ष का कहना है कि सामाजिक लोगों ने उस पर ढाई लाख रुपये का जुर्माना लगा दिया और ये ढाई लाख रुपये गोशाला में देने की बात हो गई। परिवार सुबह नागरिक अस्पताल में आया हुआ था वहीं पर पूरी बातचीत हुई। जिसके बाद वह ढाई लाख रुपये देने के बहाने उन्हें तलाकी गेट पर ले गया। जब वे जाने लगे तो पीछे से पुलिस को फोन कर दिया।
कॉल डिटेल खंगाली जाएगी। परिवादी पक्ष कुछ और कह रहा है उनका आरोप है कि हमारी बेटी के साथ रेप हुआ है। दोनों पहलुओं पर जांच की जाएगी। अगर किसी की भूमिका संदिग्ध मिली तो उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।
- सुरेंद्र कुमार, इंस्पेक्टर सिटी हिसार