Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Hisar News ›   Love for animals decreased: milk supply weakened; Haryana's position reached third place in country

पशुओं से घटा प्यार: कमजोर पड़ी दूध की धार; हरियाणा का स्थान देश में तीसरे नंबर पर पहुंचा, राजस्थान आगे निकला

Tue, 26 Nov 2024 08:52 AM IST
नवीन दलाल श्याम नंदन कुमार, हिसार (हरियाणा)
श्याम नंदन कुमार, हिसार (हरियाणा) Published by: नवीन दलाल Updated Tue, 26 Nov 2024 08:52 AM IST
सार

पशुपालक डेयरियों से दूध खरीदने लगे। इनके अलावा धोखाधड़ी भी बड़ा कारण रहा। भैंस व्यापारियों ने बूस्टिन नामक प्रतिबंधित दवा का इस्तेमाल कर खरीदारों को फर्जी दूध दिखाया। इससे भैंस खरीदने के प्रति गलत धारणा विकसित हुई।

विज्ञापन
Love for animals decreased: milk supply weakened; Haryana's position reached third place in country
भैंस (सांकेतिक) - फोटो : अमर उजाला।

विस्तार

देसां म्ह देस हरियाणा, जित दूध-दही का खाणा...खान-पान की विशिष्टता बताती प्रदेश की पहचान रही यह पंच लाइन दूध उत्पादन के आंकड़ों के हिसाब से सटीक नहीं बैठ रही। पशुपालकों के भैंसों के प्रति मोहभंग ने ऐसी स्थिति ला दी कि हरियाणा में दूध की धार कमजोर पड़ गई। नतीजतन पांच साल पहले तक दूध उत्पादन में पंजाब से होड़ लगाने वाला हरियाणा अब पड़ोसी राज्य राजस्थान से भी पीछे खिसककर तीसरे स्थान पर आ गया है।

विज्ञापन


पशुगणना के आंकड़ों को देखें तो 2012 में जहां प्रदेश में 61 लाख भैंसें थीं, वे 2019 में घटकर 43 लाख 76 हजार रह गई। सात साल में भैंसों की संख्या में 30 फीसदी की कमी आई और इसका सीधा असर दूध उत्पादन और उसकी उपलब्धता पर पड़ा। पांच साल पहले प्रदेश में प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता 1118 ग्राम थी, जो अब 1098 ग्राम रह गई है। इससे निजात पाने के लिए केंद्रीय भैंस अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिक, पशुपालन विभाग के अधिकारी और प्रदेश सरकार प्रयासरत हैं, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद पांच साल पुरानी स्थिति में भी नहीं पहुंच सके हैं।
विज्ञापन

तीस फीसदी कम हो गईं भैंसें

पशुगणना के आंकड़ों के मुताबिक हरियाणा में भैंसोंं की संख्या में तेजी से गिरावट आई है। भैंस पालक प्रदेशों में सबसे बड़ी गिरावट हरियाणा में ही आई है। प्रदेश में करीब 30 प्रतिशत भैंस कम हो गईं। गिरावट में दूसरे स्थान पर पंजाब रहा। पंजाब में करीब 24 प्रतिशत भैंसे कम हुईं हैं। हालांकि पंजाब पर इस गिरावट का कम असर हुआ। क्योंकि वहां के किसानों ने विदेशी नस्ल की गायों की संख्या में बढ़ोतरी कर दूध का उत्पादन नहीं घटने दिया। लेकिन हरियाणा में दूध का उत्पादन भी घट गया। 2019-20 में हरियाणा में दूध का उत्पादन 117 लाख टन था जो 2020-21 में घटकर 113 लाख टन रह गया। इससे चिंतित केंद्रीय भैंस अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिकों ने नस्ल सुधार के लिए काफी प्रयास किया तब जाकर पिछले साल हम पुरानी स्थिति में पहुंच सके।

विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

नीतियां और लोगों की सोच में बदलाव अहम कारण

केंद्रीय भैंस अनुसंधान संस्थान के पूर्व निदेशक और गुरु अंगद देव पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय लुधियाना के पूर्व कुलपति डाॅ. इंद्रजीत सिंह भैंसों की संख्या और दूध में कमी के लिए सरकार की नीतियाें के साथ ही पशुपालकों की सोच में बदलाव को जिम्मेदार मानते हैं। डाॅ. इंद्रजीत के मुताबिक भैंसों की संख्या कम होने के पीछे बड़ा कारण सरकार का देसी गायों पर अधिक फोकस होना है। सरकारी तंत्र ने गांवों में होने वाली भैंसों की दुग्ध प्रतियोगिताएं कम कर दी हैं। भैंसों के दूध पर किसानों को जो प्रोत्साहन राशि मिलती थी, उसे भी घटा दिया। इससे पशुपालकों की सोच बदली और गांव में भैंस पालने की होड़ कम हो गई।

पशुपालक डेयरियों से दूध खरीदने लगे। इनके अलावा धोखाधड़ी भी बड़ा कारण रहा। भैंस व्यापारियों ने बूस्टिन नामक प्रतिबंधित दवा का इस्तेमाल कर खरीदारों को फर्जी दूध दिखाया। इससे भैंस खरीदने के प्रति गलत धारणा विकसित हुई। पंजाब में भी दूध की यह धोखाधड़ी हरियाणा के साथ ही फैली थी, लेकिन वहां जांच की पुख्ता व्यवस्था कर ऐसा करने वालों की धरपकड़ की गई। दूध में मिलावट, सिंथेटिक दूध का चलन और दूध घटते ही भैंसों को निकाल देने की प्रवृत्ति ने भी गलत प्रभाव डाला।

दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रयासरत

मुर्राह मैन के नाम से विख्यात डॉ. इंद्रजीत मानते हैं कि सरकार को भैंसों की संख्या बढ़ाने के लिए फैमिली फार्मिंग को बढ़ावा देना चाहिए। किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए दूध प्रतियोगिताओं की संख्या बढ़ानी चाहिए और उसकी मॉनिटरिंग करनी चाहिए। पशुओं का नियमित टीकाकरण होना चाहिए। किसान प्रशिक्षण शिविरों की संख्या बढ़ानी चाहिए।

अधिकारी के अनुसार

पशुओं की संख्या जिस अनुपात में घटी है, दूध उत्पादन उस दर से कम नहीं हुआ है। इसका मतलब है कि हमारी भैंसें पहले से अधिक दूध दे रही हैं। ये पशुपालक, सीआईआरबी के वैज्ञानिक और पशुपालन विभाग की मेहनत का प्रतिफल है। सीआईआरबी की ओर से भैंसों की नस्ल सुधार के लिए उन्नत किस्म के सीमन मुहैया कराए जा रहे हैं। गांवों को गोद लिया गया है। खान-पान और रखरखाव के बारे में भी किसानों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि दूध का उत्पादन बढ़ाया जा सके। इस दिशा में सीआईआरबी के वैज्ञानिक, पशुपालन विभाग और हरियाणा सरकार के अधिकारी बेहतर तालमेल के साथ काम कर रहे हैं। - डाॅ. टीके दत्ता, निदेशक , केंद्रीय भैंस अनुसंधान संस्थान, हिसार।

प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता ग्राम में

वर्ष             हरियाणा पंजाब राजस्थान राष्ट्रीय
2019- 20 1118             1221 904 406
2020- 21 1063             1219 1075 427
2021- 22 1081             1271 1150 446
2022-23 1098             1283 1138 549
आंकड़े नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड से लिए गए हैं।

प्रमुख राज्यों में दूध उत्पादन (मिलियन टन में)

वर्ष             हरियाणा पंजाब राजस्थान उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय
2019- 20 11.7            13.3 25.6 31.9 198.4
2020- 21 11.3            13.4 30.7 31.4 210
2021- 22 11.6            14.1 33.3 33.9 222.1
2022-23 11.9             14.3 33.3 36.2 230.6
आंकड़े नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड से लिए गए है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed