हांसी। गांव सैनीपुरा के रहने वाले 29 वर्षीय ललित कुमार ने यूपीएससी की परीक्षा में 825वीं रैंक हासिल की है। ललित आईआईटी से पासआउट है और बीते 8 वर्ष से यूपीएससी की घर से ही तैयारी कर रहे थे। ललित के पिता नगर परिषद के चतुर्थ श्रेणी के सेवानिवृत कर्मचारी हैं।
यूपीएससी में उनके चयन से परिवार के सदस्यों में बेहद खुशी है। ललित अब आईपीएस अधिकारी बनेंगे। वे गांव में यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले व्यक्ति हैं। ललित ने बताया कि 8वीं तक की पढ़ाई उनकी बुआ के गांव ढाणी पाल के राजकीय स्कूल से हुई। उसके बाद 9वीं व दसवीं की पढ़ाई हांसी के एसडी मॉडर्न पब्लिक स्कूल से की। वहीं 11वीं व 12वीं की पढ़ाई हिसार के निजी स्कूल से की। वर्ष 2013 में आईआईटी दिल्ली में चयन हुआ और वहां से इंजीनियरिंग की। आईआईटी के फाइनल वर्ष में उसने यूपीएससी क्लीयर करने का मन बनाया। जिसके बाद इसके लिए वर्ष 2017 से पढ़ाई शुरू कर दी। ललित ने बताया उन्होंने घर से ही पढ़ाई की। इसके लिए कोई कोचिंग नहीं ली। घर पर इंटरनेट के माध्यम से पढ़ाई करते रहे। हालांकि गांव में इंटरनेट की स्पीड कम आती थी, जिससे पढ़ाई में परेशानी होती थी। चार बार परीक्षा भी दी, लेकिन सफल नहीं हुए। ललित ने बताया कि उन्होंने पढ़ाई लगातार जारी रखी। पांचवीं बार परीक्षा में वह सफल हुए। परिवार में ललित के माता पिता, छोटा भाई व बहन है। छोटा भाई एमबीबीएस चिकित्सक है।