कॉलेज ने पुराने रोल नंबर पर परीक्षा करवाई, यूनिवर्सिटी ने रोक दिया रिजल्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से जुड़े कई विद्यार्थियों का जब रिजल्ट आया तो उनके पैरों से जमीन खिसक गई। गवर्नमेंट कॉलेज के करीब 25 विद्यार्थियों के सामने परीक्षा देने के बाद भी एक नई मुसीबत खड़ी हो गई है। कॉलेज के बीएससी फाइनल ईयर के विद्यार्थियों की सेकेंड समेस्टर में रि अपीयर आई थी। विद्यार्थियों ने कॉलेज में फॉर्म भरकर फीस भी जमा करवा दी। कॉलेज ने उक्त फीस को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में जमा करवा दिया। लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन रोल नंबर जारी करने भूल गया। मई 2016 में परीक्षा शुरू होने तक भी विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों के रोल नंबर नहीं भेजे। जब रिजल्ट आया तो अधिकतर का रिजल्ट भी रोक लिया गया।
कॉलेज ने दिलवा दी परीक्षा
रोल नंबर जारी नहीं होने पर विद्यार्थियों ने कॉलेज प्रशासन से शिकायत की तो कॉलेज ने वेरिफिकेशन कर पुराने रोल नंबर के आधार पर परीक्षा दिलवा दी। इसके बाद भी विश्वविद्यालय प्रशासन ने कई विद्यार्थियों के रि-अपीयर के रोल नंबर जारी नहीं किए। जब रिजल्ट आया तो विश्वविद्यालय ने इनमें से कुछ को पास कर दिया गया। जबकि इन विद्यार्थियों के भी रोल नंबर विवि ने नहीं भेजे थे। वहीं करीब 21 विद्यार्थियों का रिजल्ट ही नहीं निकाला गया।
कुरुक्षेत्र गए तो विवि प्रशासन ने फाड़ दिए कागजात
परेशान विद्यार्थी कुरुक्षेत्र गए। आरोप है कि वहां विश्वविद्यालय प्रशासन को उन्होंने कागजात दिखाए तो उन्होंने उसे फाड़ कर फेंक दिया। विद्यार्थियों ने बताया कि विवि प्रशासन ने धमकाते हुए कहा कि जब हमने रोल नंबर ही जारी नहीं किए तो तुमने परीक्षा कैसे दे दी।
अलग-अलग बहाने बना रहे विवि अधिकारी
गवर्नमेंट कॉलेज के अमित, मनीष, दीपक, सत्यम, निरंजन, सुनील आदि विद्यार्थियों ने बताया कि वे तीन बार यूनिवर्सिटी में जा चुके हैं। लेकिन हर किसी को अधिकारी अलग-अलग जवाब दे रहे हैं। अमित को बताया कि उसका रिकॉर्ड विवि में नहीं है। इसके बाद गए दूसरे विद्यार्थी को कहा कि फीस जमा नहीं हुई है। तीसरी बार कहा गया कि एग्जाम ही नहीं दिया।
विद्यार्थी मेरे पास आए थे। हमने सभी प्रयास कर लिए हैं। यूनिवर्सिटी रोल नंबर नहीं दे रही है। हमने बच्चों को उनका मेमो भी बनाकर दिया था। लेकिन विवि के अधिकारियों ने उसे फाड़ कर फेंक दिया।
- डॉ. एमएल गोयल, प्राचार्य, गवर्नमेंट कॉलेज हिसार
इस तरह का कोई मामला मेरी नॉलेज में नहीं है। आहूजा जी देखते हैं। सोमवार को पता करूंगा।
- डॉ. हुकम सिंह, एग्जाम कंट्रोलर, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय