{"_id":"66fa461577303b082e0bdf0c","slug":"interview-of-congress-leader-kumari-selja-2024-09-30","type":"story","status":"publish","title_hn":"कुमारी सैलजा से खास बातचीत: हमारी पार्टी में लोग खेला करते हैं, मैं करती हूं सीधी और सपाट बात","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कुमारी सैलजा से खास बातचीत: हमारी पार्टी में लोग खेला करते हैं, मैं करती हूं सीधी और सपाट बात
Mon, 30 Sep 2024 12:03 PM IST
निवेदिता वर्मा
सुरेंद्र दलाल, अमर उजाला, हिसार
सुरेंद्र दलाल, अमर उजाला, हिसार
Published by: निवेदिता वर्मा
Updated Mon, 30 Sep 2024 12:03 PM IST
सार
हरियाणा कांग्रेस की नेता कुमारी सैलजा सांसद हैं। हालांकि उनके सीएम पद पर दावेदारी की खबरें लगातार आती रहती हैं। इन सभी मुद्दों पर उनसे खास बातचीत
विज्ञापन
कुमारी सैलजा
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
कुमारी सैलजा का सियासी सफर संघर्ष भरा रहा है लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। एक बार फिर कुछ ऐसे ही दौर से वह गुजर रही हैं। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव विधानसभा चुनाव के समय टिकट वितरण में हुई अनदेखी के बाद करीब दो सप्ताह तक खामोश रहीं। उनकी चुप्पी ने प्रदेश के राजनीतिक माहौल को गरमा दिया। विपक्षी दलों ने इसे मुद्दा बनाकर कांग्रेस को घेरना शुरू कर दिया। चुनाव के समय में ऐसी खामोशी, प्रचार से दूरी, सीएम की कुर्सी तक से जुड़े तमाम मुद्दों पर कुमारी सैलजा से हिसार के ब्यूरो प्रमुख सुरेंद्र लाल की विशेष बातचीत के मुख्य अंश...
विज्ञापन
टिकट वितरण में आपकी अनदेखी हुई? दुख हुआ?
निश्चित तौर पर दुख हुआ, दिल भी दुखा। एक संगठन है और मेरा कमिटमेंट है। जिसके कारण कुछ चीजों में एडजेस्टमेंट करना पड़ता है। जिन लोगों के लिए हम काम कर रहे थे, लड़ रहे थे उनको न्याय नहीं दिला पाए। सभी को साथ लेकर चलने वाले का ही बड़ा दिल होता है। यहां काफी लोग ऐसे हैं जो खुद को बहुत बड़ा मानते हैं, लेकिन उनका दिल बहुत ही छोटा है। ऐसे लोग किसी को भी सहन नहीं कर पाते। पहली बार राजनीति में मेरी इंट्री हुई तो हार मिली थी। उस हार से पहली बार मेरा दिल बहुत दुखा था, खैर उस हार ने मुझे बहुत कुछ सिखाया- समझाया। जमीन पर रहकर काम करते हुए बहुत कुछ नया सीखा। आप जमीनी स्तर पर काम करेंगे तो बहुत कुछ सीख पाएंगे। इसके बाद राजनीति में आगे बढ़ते रहे। हमारी पार्टी में कुछ लोग हैं जो खेला खेलते हैं। भाजपा के साथ मिलीभगत कर चलते हैं। मैं तो सीधी और सपाट बात कहती हूं।
विज्ञापन
क्या आपकी नाराजगी दूर हुई ? राहुल जी ने आपको क्या कहा?
नाराजगी जैसी कोई बात नहीं है। कुछ मुद्दे होते हैं, पार्टी के सही फोरम पर रखे जाते हैं। नाराजगी अलग होती है। राहुल गांधी से कई बिंदुओं से बात हुई है। उनसे लगातार बात होती रहती है। हरियाणा में चुनाव चल रहे हैं तो जाहिर सी बात है कि इस समय चुनावों पर ही सबसे अधिक बात होती है। हरियाणा में एक मजबूत सरकार बनाने जा रहे हैं। राहुल गांधी के आने से कार्यकर्ताओं में नए जोश और उत्साह का संचार हुआ है। पार्टी तो पार्टी के तरीके से ही चलती है।
विज्ञापन
आप असंध रैली में दिखीं लेकिन अपने गृह जिले हिसार के बरवाला में हुई रैली से गायब रहीं, ऐसा क्यों ?
मैंने पहले भी आपको कहा कि कोई नाराजगी नहीं है। राहुल गांधी हमारे राष्ट्रीय नेता हैं। हरियाणा में वो आए तो उनके स्वागत के लिए मैं पहुंची। मेरे कुछ कार्यक्रम पहले से तय थे। टोहाना मेरा अपना हलका है। जिस कारण मुझे वहां समय देना था। सभी रैली में सभी नेताओं का जाना संभव नहीं हो पाता। चुनाव के समय व्यस्तता के कारण अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम तय होते हैं। सभी मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। सभी कांग्रेस के लिए काम कर रहे हैं।
क्या आप पूरे हरियाणा में प्रचार करेंगी? रोहतक, सोनीपत, झज्जर में भी जाएंगी क्या?
चुनाव बहुत बड़ा होता है। हर नेता की कुछ प्राथमिकताएं होती हैं। जहां मांग होती है, उन्हें भेजा जाता है। हमारा केंद्रीय नेतृत्व चुनाव प्रचार के लिए शेड्यूल तय करता है। प्रचार के लिए मेरे कार्यक्रम बन रहे हैं। हिसार, सिरसा, फतेहाबाद जिलों को कवर कर चुकी हूं। प्रत्याशी जहां बुलाएंगे, वहां जाऊंगी। हमारे बड़े नेताओं के कार्यक्रम भी रहेंगे। जहां भी ड्यूटी लगेगी, उसे निभाऊंगी। यह तय है कि हम प्रचंड बहुमत के साथ हरियाणा को जीतने जा रहे हैं।
आपके भाजपा में शामिल होने की खबरें बड़ी तेजी से फैलीं। मनोहर लाल ने तो खुला ऑफर दिया। क्या किसी भाजपा नेता का फोन आपको आया?
मेरी किसी भाजपा नेता से कोई बात नहीं हुई। चुनाव के समय इस तरह की अफवाह उड़ती रहती है। मेरे पिता बहुत कम उम्र में राजनीति में आ गए थे। उन्होंने लगातार संघर्ष किया, वह कांग्रेस में अपने काम के बल पर मुकाम बनाने में कामयाब रहे। कांग्रेस ने उन्हें मौके भी दिए। मैंने पहले भी यह कहा था कि मेरे पिता भी कांग्रेस के झंडे में गए थे। मैं भी उनकी तरह से ही कांग्रेस की सच्ची सिपाही हूं, पार्टी के झंडे में ही विदा होकर जाऊंगी? मेरी निष्ठा पर कोई सवाल नहीं उठा सकता।
भाजपा चुनाव प्रचार में विकास के बजाय आपको मुद्दा बना रही है, उनके नेता कह रहे हैं, देखो बहन सैलजा के साथ अत्याचार हो रहा है, क्या ऐसा है?
दरअसल, भाजपा के पास गिनाने के लिए कोई काम हैं ही नहीं। पिछले 10 साल में उसने हर वर्ग को परेशान किया। किसी की समस्या का समाधान करने के बजाय उन पर लाठी चलाने का काम किया। प्रजातंत्र में इस तरह से आवाज को दबाया नहीं जा सकता है। उनके कर्म ही आज उनके सामने आ रहे हैं। भाजपा ने किसानों को दिल्ली नहीं जाने दिया था, अब लोग गांवों में उन्हें घुसने नहीं दे रहे। जवाब तो देना पड़ेगा। दस साल में जो बोया है, वह तो काटना पड़ेगा। इससे पहले किसी पार्टी की इतनी बुरी स्थिति नहीं होती थी।
किरण चौधरी से लंबे समय तक आपके अच्छे संबंध रहे,अब भी बातचीत होती होगी?
किरण चौधरी के साथ मेरे राजनीतिक ही नहीं, पारिवारिक रिश्ते भी रहे हैं। सभी जानते हैं कि किरण चौधरी की शादी हमारे दिल्ली वाले घर में हुई थी। उन्हें एक रास्ता चुनने के लिए मजबूर किया गया। मेरी उनके लिए शुभकामनाएं हैं। उनसे बातचीत होती है, लेकिन राजनीतिक नहीं, पारिवारिक। नेता भी सामाजिक होते हैं। एक दूसरे से दुख-सुख और परिवार की बातें करते हैं।
कई समर्थकों को आप टिकट की गारंटी दे चुकी थीं, वह तैयारी भी कर चुके थे। कुछ तो निर्दलीय भी लड़ना चाहते होंगे, उन्हें कैसे मनाया?
मैं अपने कार्यकर्ता के लिए सड़क पर भी लड़ती हूं और संगठन में भी उनकी आवाज उठाती हूं। जिसका जो हक हो, उसे वह मिलना चाहिए। अगर आप अपने समर्थकों- कार्यकर्ताओं की आवाज नहीं उठा सकते तो वह आप पर भरोसा क्यों करेंगे। काफी लोगों के दिल टूटे हैं, उनको निराशा भी हुई है। मेरे पास उनके फोन भी आए। मैंने उन्हें कहा कि हमारी निष्ठा कांग्रेस के प्रति है। हम उसे धोखा नहीं दे सकते । विचारधारा से दूर होकर चुनाव नहीं लड़ना चाहिए। अच्छे और सच्चे लोग हमेशा अपनी निष्ठा बनाए रखते हैं।
2014 व 2019 में अनुसूचित वर्ग का जो वोट आपके साथ नहीं था, क्या अब वह अब आपके साथ है?
वर्ष 2019 के चुनाव में परिस्थिति अलग थीं। हमारे सामने बहुत चुनौतियां थीं। मीडिया तो हमें 5, 7, 9 सीट तक ही दिखा रहा था। भाजपा का 75 पार का प्रोपेगेंडा चरम पर पहुंच गया था। वह चुनाव भी हमने बहुत मजबूती से लड़ा और 31 तक पहुंचे। अनुसूचित वर्ग का बहुत बड़ा तबका हमारे साथ तब भी था, आज भी है। लोकसभा चुनाव में इसका व्यापक असर भी दिखा। हम 5 सीट जीतने में सफल रहे। लोकसभा के परिणामों में तमाम सर्वे में साफ आया कि अनुसूचित वर्ग में हमने जीत हासिल की। अगर थोड़ी सी समझदारी और बरती होती तो शायद 7-8 तक जा सकते थे।
मुख्यमंत्री पद पर दावेदारी
हाईकमान सही समय पर सही फैसला लेता है। हमें सही समय का इंतजार करना चाहिए। सरकार में सभी की हिस्सेदारी होगी। हाईकमान सभी के साथ पूरा इंसाफ करेगा। कांग्रेस के वफादारों के साथ अच्छा ही होगा। हमारी पार्टी ने अच्छा फैसला लिया है। जिन लोगों ने पार्टी के खिलाफ जाकर लड़ा उन्हें पार्टी से निलंबित किया गया है। हमारे हर एक प्रत्याशी का चुनाव चिह्न हाथ ही होता है।
क्या आप अब भी सीएम बनने के दावे पर कायम हैं?
राजनीति में लोगों की इच्छा होती है। लोगों के काम करने के लिए एक पद, एक कुर्सी तो चाहिए। मैंने तो काफी पहले ही कह दिया था कि मैं लोकसभा चुनाव नहीं लड़ना चाहती थी। हाईकमान का आदेश हुआ तो मैंने चुनाव लड़ा। मैं विधानसभा चुनाव लड़ना चाहती थी, तमाम तरह की परिस्थिति बनी कि मैं विधानसभा चुनाव नहीं लड़ रही हूं। अंतिम फैसला हमेशा ही हाईकमान का होता है। वह जो फैसला लेगा, सभी को मंजूर होगा।
ऐसी चर्चा है कि आप डिप्टी सीएम के पद पर सहमत हो गई हैं?
यह गलत बात है, ऐसा कुछ नहीं हुआ। कुछ लोग तरह-तरह की अफवाह फैलाने का काम कर रहे हैं। जो भी फैसला लेना होगा हाईकमान लेगा।
आज तक हरियाणा में कोई महिला सीएम बनीं, अनुसूचित वर्ग से आज तक सीएम नहीं बन सका? क्या उनकी इच्छाएं नहीं होंगी?
करोड़ों लोगों की भावनाएं होती हैं। एक मुकाम तक पहुंचने के लिए संघर्ष करना पड़ता है। बिना संघर्ष कोई किसी को आगे नहीं आने देता। इस पोजीशन तक पहुंचने के लिए हमने पूरा जीवन खपाया है। अपनी निष्ठा, संघर्ष, मेहनत के बल पर अपनी पहचान बनाई है। सीएम की कुर्सी तो एक ही होती है। अब उसको लेकर हाईकमान ही फैसला लेता है। मुझे लगता है कि हाईकमान सही समय पर सही फैसला ही लेता है। कई बार हमें लगता है कि कुछ चीज धीमी गति से चल रही है। वह भी हाईकमान की एक रणनीति होती है। जल्दबाजी में कुछ चीजें खराब हो जाती हैं। हमें सही समय का इंतजार करना चाहिए।
