चौधरीवाली डबल मर्डर केसः कुलदीप गोदारा के सीने में मिलीं पांच गोलियां, दो हो गई आर-पार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गांव चौधरीवाली में वीरवार को हुए डबल मर्डर मामले में पुलिस ने शुक्रवार को मृतक कुलदीप गोदारा व कर्ण गोदारा के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया। बाद में दोनों का उनके गांवों में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
आदमपुर थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि कुलदीप गोदारा के सीने में पांच गोलियां लगी मिली हैं, जबकि दो गोलियां आरपार हो गईं। वहीं कर्ण गोदारा ने स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने बताया कि वारदात में गंभीर रूप से घायल राहुल का अभी इलाज चल रहा है। उसकी हालात गंभीर है, इस कारण उसके बयान दर्ज नहीं हो पाए हैं।
पुलिस को दिए बयान में मृतक कुलदीप के पिता ओमप्रकाश ने बताया कि वह खेतीबाड़ी करता है। उनके बेटे कुलदीप को कर्ण सिंह गोदारा से तीन लाख रुपये लेने थे। जिस कारण वीरवार को उसका बेटा कुलदीप अपने दोस्त ऋषि नगर निवासी राहुल व काजला निवासी अनिल के साथ कर्ण गोदारा के गांव चौधरीवाली स्थित पेट्रोल पंप पर गए थे।
उन दोनों में पैसों को लेकर बातचीत चल रही थी कि कर्ण गोदारा ने तैश में आकर अपने लाइसेंसी पिस्टल से कुलदीप के सीने में गोलियां मार दीं। राहुल जब कुलदीप को बचाने लगा तो कर्ण ने राहुल पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। बाद में अनिल ने फोन पर उन्हें मामले की सूचना दी।
घायल अवस्था में कुलदीप को हिसार के नागरिक अस्पताल व राहुल को हिसार के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों ने कुलदीप को मृत घोषित कर दिया, जबकि राहुल का इलाज अभी चल रहा है। ओमप्रकाश ने बताया कि उसे बाद में सूचना मिली कि कर्ण सिंह ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने ओमप्रकाश के बयान पर हत्या, हत्या प्रयास व आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया था।