हिसार। संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) के नेतृत्व में भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धूपुर के पदाधिकारियों ने सोमवार को एडीसी शालिनी चेतल को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने धान की खरीद 15 सितंबर से शुरू कराने, नमी की सीमा 17 से बढ़ाकर 20 फीसदी करने, पूरी मात्रा में डीएपी उपलब्ध कराने और हिसार, हांसी, जींद, फतेहाबाद व सिरसा को सूखाग्रस्त घोषित कर मुआवजा देने की मांग की।
यूनियन के राज्य महासचिव एडवोकेट हर्षदीप गिल, जिला प्रधान सुशील बूरे, राजू खरड़ व मांगेराम भाकर ने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा। किसानों ने गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल करने, इकबालपुर शुगर मिल की नौ साल की बकाया राशि दिलाने और केसीसी सीमा तीन से बढ़ाकर पांच लाख रुपये करने की मांग की। साथ ही मेरी फसल, मेरा ब्योरा पोर्टल दोबारा खोलने, रबी सीजन में डीएपी-यूरिया की पर्याप्त आपूर्ति, हाईटेंशन लाइनों के लिए उचित मुआवजा और राइट ऑफ वे के लिए बाजार मूल्य का 60 फीसदी मुआवजा देने की मांग की।