नवनियुक्त उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित कार्यालय पहुंचकर अपना कार्यभार संभाला। इसके बाद उन्होंने लघु सचिवालय भवन स्थित विभिन्न विभागों के कार्यालयों का दौरा किया और अधिकारियों व कर्मचारियों से मुलाकात की। लघु सचिवालय पहुंचने पर एसडीएम परमजीत सिंह चहल सहित अन्य उच्चाधिकारियों ने उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी का स्वागत किया। उपायुक्त ने पहले ही दिन डीआरओ कार्यालय, सीटीएम कार्यालय, तहसील कार्यालय, रिकॉर्ड रूम, स्ट्रॉन्ग रूम व डीसी कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का दौरा किया और वहां कार्य कर रहे अधिकारियों व कर्मचारियों से मुलाकात की।
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा निर्वाह की जा रही जिम्मेदारियों के संबंध में भी जानकारी ली और उन्हें अपना कार्य पूरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ करने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियों व योजनाओं को पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाना ही प्रशासन का प्रथम दायित्व है और इस कार्य में सभी अधिकारी-कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी का तत्परता से निर्वहन करें। इस दौरान डीआरओ राजबीर धीमान, डीडीपीओ सूरजभान, डीआईपीआरओ सुरेंद्र सैनी, तहसीलदार विनय चौधरी, निजी सहायक हरिसिंह सहित अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद थे।