हांसी: एटीएम को गैस कटर से उखाड़ने प्रयास, चौकीदार को देख भागे चोर, लाखों की नकदी बची, जांच में जुटी पुलिस
हरियाणा के हांसी में चोरों ने एटीएम को उखाड़ने का प्रयास किया। हालांकि चौकीदार को आता देख सभी मौके से फरार हो गए। चोर बूथ का ताला तोड़ने में कामयाब रहे लेकिन एटीएम को नहीं उखाड़ पाए। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बैंक के बाहर लगे एटीएम बूथ का ताला तोड़कर चोरों ने एटीएम को उखाड़ने का प्रयास किया लेकिन चौकीदार को देखकर चोर फरार हो गए। बैंक का एक कर्मचारी सुबह साढ़े नौ बजे बैंक खोलने पहुंचा तो उसने देखा कि एटीएम बूथ का ताला टूटा है। इसकी सूचना तुरंत बैंक मैनेजर को दी।
बैंक मैनेजर ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही शहर थाना के एडिशनल एसएचओ सुरेश कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना कर बैंक मैनेजर से बातचीत की और उन्होंने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। पुराना बस स्टैंड के पास पंजाब नेशनल बैंक में लगे एटीएम में शुक्रवार सुबह तीन बजकर 35 मिनट पर चार युवक एक कार में सवार होकर पहुंचे।
आरोपियों ने गाड़ी की नंबर प्लेट से भी छेड़छाड़ की थी। सभी ने अपने मुंह को मंकी कैप से ढक रखा था। एक युवक के पास गैस कटर था। चोरों ने पहले गाड़ी को बैंक के सामने गली में ले जाकर रेकी की। इसके बाद चोरों ने एटीएम के शटर का ताला तोड़ा फिर एटीएम बूथ में प्रवेश किया।
चोरों ने जब गैस कटर से एटीएम को काटने का प्रयास किया तो गली के अंदर रेकी कर रहे चोरों के एक साथी ने देखा कि चौकीदार वहां घूम रहा है। इसके बाद उसने अपने साथियों को इशारा किया और सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
सुबह मिली सूचना
बैंक मैनेजर अशोक भूटानी ने बताया कि शुक्रवार की सुबह साढ़े नौ बजे के करीब उन्हें सूचना मिली। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस थाने को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। मैनेजर ने बताया की एटीएम में करीब साढ़े 10 लाख रुपये की नकदी थी।
चार युवक एटीएम उखाड़ने ग्रैंड आई टेन गाड़ी में आए थे। चोरों ने गैस कटर की सहायता से एटीएम बूथ का ताला तोड़ा और एटीएम को भी काटने का प्रयास किया लेकिन वह सफल नहीं हो सके। इसके बाद सभी चोर गाड़ी में सवार होकर भाग निकले। इस मामले में पुलिस छानबीन कर रही है व आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा। फुटेज में चार युवक दिखाई दे रहे हैं। हमने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है एडिशनल एसएचओ सुरेश कुमार, शहर थाना।