हरियाणा : फंदे पर लटका एमबीबीएस का छात्र, सुसाइड नोट में लिखा- जीवन से निराश हूं, बस जिये जा रहा हूं
- यमुनानगर के जगाधरी का रहने वाला था मृतक छात्र
- पेंटिंग बनाने और कविता लिखने का शौक था शौक
- डेढ़ वर्ष में कई बार कर चुका है आत्महत्या का प्रयास
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र आशीष ने सोमवार को हॉस्टल के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। रूममेट कमरे पर आया तो उसने उसे फंदे पर झूलता देखा और इसकी सूचना स्टाफ को दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से उतारा और जांच शुरू की।
दरअसल, यमुनानगर जिले के जगाधरी के सेक्टर-17 निवासी करीब 22 वर्षीय आशीष अग्रोहा स्थित महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष का छात्र था। सोमवार को दोपहर करीब 3:30 बजे हॉस्टल के कमरे में जब वह अकेला था तो उसने रस्सी से पंखे के सहारे फंदा लगा लिया। इस दौरान उसने डेढ़ पेज का एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है। पुलिस ने शव और सुसाइड नोट दोनों को कब्जे में ले लिया है।
नहीं खोला दरवाजा तो अनहोनी का हुआ अंदेशा
घटना के बारे में तब पता चला, जब उसका रूममेट प्रैक्टिकल देने के बाद कमरे में आया। कमरा अंदर से बंद था। काफी देर खटखटाने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो उसने प्रशासन को इसकी सूचना दी। इसके बाद हॉस्टल वार्डन और प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कमरा खोलने का प्रयत्न किया। कमरा नहीं खुला तो अनहोनी का अंदेशा भांपते हुए पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खोला तो आशीष फंदे से लटकता मिला।
मौसा के पहुंचने पर फंदे से उतारा शव
मामले में अग्रोहा थाना पुलिस ने बताया कि आशीष के फतेहाबाद निवासी मौसा शाम को जब घटना स्थल पर पहुंचे तो उसके शव को फंदे से उतारा गया। इसके बाद देर शाम आशीष के माता-पिता भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के शवगृह में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है। पोस्टमार्टम मंगलवार को होगा।
आशीष के रूममेट ने बताया कि सोमवार को प्रैक्टिकल एग्जाम था। आशीष ने उसे यह कहकर भेज दिया कि तू चल मैं अभी आता हूं लेकिन वह एग्जाम देने नहीं आया। रूममेट ने बताया कि उसने इस बारे में प्रोफेसर को भी बताया। वापस आकर रूम में देखा तो आशीष फंदे पर लटका था।
कमरे से बरामद हुआ सुसाइड नोट
पुलिस ने कमरे की तलाशी ली तो वहां से डेढ़ पेज का एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। इस सुसाइड नोट में लिखा हुआ है कि वह जीवन से निराश है। बस जिये जा रहा है। पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लिया है। पुलिस का कहना है कि हैंडराइटिंग का मिलान किया जाएगा। दूसरी ओर आशीष के रूममेट ने भी बताया कि आशीष कुछ समय से मानसिक तनाव में था।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद आशीष के दोस्तों ने बताया कि वह अपने बैच का टॉपर था। उसके दो ही शौक थे। पेंटिंग्स बनाना और कविताएं लिखना। वह हॉरर पेंटिंग बनाता था और दर्द भरी कविताएं लिखता था। अपनी कविताएं अकसर वह सोशल मीडिया पर पोस्ट करता था। जब भी परेशान होता तो पेंटिंग बनाकर अपनी परेशानी जाहिर करता था।
सूचना मिलते ही हमने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है। शव को शवगृह में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है। मृतक के कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। अभी जांच की जा रही है। - इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह, अग्रोहा थाना प्रभारी, हिसार।