{"_id":"661d612cfad002562f0a3de2","slug":"hisar-uproar-over-breaking-the-gate-of-the-government-school-running-in-the-temple-of-new-grain-market-2024-04-15","type":"story","status":"publish","title_hn":"Hisar: नई अनाज मंडी के मंदिर में चल रहे सरकारी स्कूल का गेट तोड़ने पर हंगामा, यह है पूरा मामला","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
Hisar: नई अनाज मंडी के मंदिर में चल रहे सरकारी स्कूल का गेट तोड़ने पर हंगामा, यह है पूरा मामला
Mon, 15 Apr 2024 10:47 PM IST
भूपेंद्र सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी, हिसार (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, हिसार (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Mon, 15 Apr 2024 10:47 PM IST
सार
विरोध में व्यापारी धरने पर बैठे हैं तो स्कूल शिक्षकों ने जातिसूचक गालियां देने की पुलिस में शिकायत दी है।
विज्ञापन
प्रदर्शन करते हुए।
- फोटो : संवाद
विस्तार
हरियाणा के हिसार में नई अनाज मंडी स्थित मंदिर परिसर में पिछले चार दशक से चल रही राजकीय प्राथमिक पाठशाला की शिफ्टिंग को लेकर सोमवार सुबह एक बार फिर विवाद बढ़ गया। मंदिर एसोसिएशन की ओर से स्कूल की गैलरी में लगाए लोहे के गेट को तोड़ने पर हंगामा किया।
विज्ञापन
इस पर एसोसिएशन के सदस्याें और स्कूल स्टाफ के बीच काफी देर बहस चलती रही। इसके बाद मंदिर एसोसिएशन के सदस्य, व्यापारी मंदिर गेट के सामने धरने पर बैठ गए। इस बारे में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस चौकी में शिकायत दी है। मामले की सूचना मिलने पर एसडीएम जयबीर, डीएसपी सत्यपाल यादव, जिला शिक्षा अधिकारी प्रदीप नरवाल, जिला मौलिक अधिकारी डाॅ. निर्मला दहिया मौके पर पहुंची। दिन भर चले हंगामे के बीच कक्षाएं भी नहीं लग पाई।
विज्ञापन
शिक्षिका बोलीं-ईंट उठाकर मारने का प्रयास
स्कूल की एक अध्यापिका ने बताया कि वह सुबह पौने आठ बजे बच्चों को पढ़ाने के लिए स्कूल आई थी। स्कूल में करीब 135 विद्यार्थी हैं। स्कूल में आने के बाद देखा कि गैलरी के दूसरी तरफ लोहे की जाली का गेट लगा हुआ था। कुछ देर बाद देखा कि किसी ने गेट को वहां से हटा दिया है।
विज्ञापन
इसका पता चलने पर मंदिर एसोसिएशन के सदस्य स्कूल परिसर पहुंचे, गेट हटाने की बात को लेकर हंगामा कर दिया। जब शिक्षकों ने समिति के सदस्यों को बताया कि जाली हटाने के बारे कोई जानकारी नहीं है तो समिति के सदस्य जातिसूचक गालियां देने लगे।
इसके बाद हमने जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी को मामले से अवगत कराया। बाद में नई अनाज मंडी पुलिस चौकी में शिकायत दी। मंडी के अंदर चल रहे स्कूल की बिजली आपूर्ति को काट दिया गया। जिस कारण स्कूल में आए विद्यार्थी व शिक्षक अंधेरे में बैठे रहे। हंगामे के कारण पढ़ाई नहीं हो पाई।
एसोसिएशन की तरफ से नए सत्र के दौरान स्कूल के दोनों शौचालयों पर ताला लटका दिया था। स्कूल में शौचालय की व्यवस्था न होने के कारण 35 बच्चे नाम कटवा चुके हैं। जिस आंबेडकर बस्ती में स्कूल को शिफ्ट करने की बात कही जा रही है उस बस्ती में खुलेआम नशा बिकता है।
अस्थायी तौर पर चार कमरे में चल रही पाठशाला
मंदिर एसोसिएशन के प्रधान अशोक गुप्ता ने बताया कि मंदिर की जगह में अस्थायी तौर पर राजकीय प्राथमिक पाठशाला चलाने के लिए चार कमरे दिए हुए हैं। मंदिर से दूसरी तरफ उनके स्कूल में आने जाने का रास्ता है। स्कूल को शिफ्ट करने के लिए आंबेडकर बस्ती में चल रही राजकीय प्राथमिक पाठशाला में जगह दी जा रही है। इसके बावजूद स्कूल को शिफ्ट नहीं किया जा रहा। सोमवार सुबह पता चला कि स्कूल प्रशासन ने बस्ती से कुछ लोगों को बुलाकर लोहे के गेट को तुड़वा दिया। स्कूल प्रशासन और गेट तोड़ने वालों पर एफआईआर दर्ज करवाने की मांग को लेकर हमने धरना दिया।
अधिकारियों ने किया बस्ती का दौरा
हंगामे के बाद एसडीएम जयबीर यादव, जिला शिक्षा अधिकारी प्रदीप नरवाल और मौलिक शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया आंबेडकर बस्ती में चली रही राजकीय प्राथमिक पाठशाला में पहुंचे। उन्होंने लोगों से बातचीत की और स्कूल परिसर में कितने कमरे और विद्यार्थियों की संख्या के बारे में जानकारी हासिल की। यहां पर सात कमरे और करीब 70 विद्यार्थी हैं। जिसका तात्कालिक विधायक सावित्री जिंदल ने उद्घाटन किया था। बस्ती के लोगों का कहना है कि मंडी के व्यापारी स्कूल पर कब्जा करना चाहते हैं। इसके चलते को यहां पर शिफ्ट किया जा रहा है। किसी हालत में स्कूल को शिफ्ट नहीं होने देंगे।
विद्यालय प्रशासन से रिकॉर्ड मांगा जा रहा है, जो रिकॉर्ड मिलेगा उसके आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है। जल्द ही समस्या का समाधान हो जाएगा। - डॉ. निर्मल दहिया, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, हिसार