फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Dausa News ›   dausa road accidents nh21 delhi mumbai expressway container crash mahwa rahuwas

दौसा में 12 घंटे में दो भीषण सड़क हादसे: NH-21 पर अधेड़ की मौत, एक्सप्रेसवे पर कंटेनर टकराया

Thu, 17 Sep 2026 11:53 AM IST
दौसा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दौसा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दौसा Published by: दौसा ब्यूरो Updated Thu, 17 Sep 2026 11:53 AM IST
सार

दौसा जिले में बीती रात से गुरुवार सुबह तक 12 घंटे के भीतर दो अलग-अलग सड़क हादसे हुए। महवा के पीपलखेड़ा में एनएच-21 पार कर रहे 48 वर्षीय रामगोपाल बैरवा को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई।

विज्ञापन
dausa road accidents nh21 delhi mumbai expressway container crash mahwa rahuwas
दौसा के राहुवास के पास दुर्घटनाग्रस्त कैंटर - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

दौसा जिले में नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात से गुरुवार सुबह तक महज 12 घंटे के भीतर दो अलग-अलग जगहों पर भीषण सड़क हादसे हुए। महवा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-21 पर सड़क पार कर रहे 48 वर्षीय व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बेंगलुरु से बैटरियां लेकर दिल्ली जा रहा कंटेनर टायर फटने के बाद खड़े कंटेनर से जा टकराया। हादसे में कंटेनर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, लेकिन उसकी जान बच गई।

विज्ञापन

पहला हादसा: पीपलखेड़ा में रात 11 बजे अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, महवा उपखंड के पीपलखेड़ा गांव निवासी रामगोपाल बैरवा (48) पुत्र मूलचंद बैरवा बुधवार रात करीब 11 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-21 पार कर रहे थे। इसी दौरान जयपुर से भरतपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि रामगोपाल उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस और महवा पुलिस को सूचना दी।

विज्ञापन


पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और घायल रामगोपाल को महवा के राजकीय अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। गुरुवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया गया और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। महवा थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

विज्ञापन
विज्ञापन

दूसरा हादसा: एक्सप्रेसवे पर टायर फटने से खड़े कंटेनर में घुसा वाहन

दूसरा हादसा जिले के राहुवास थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह करीब 5:20 बजे हुआ। प्वाइंट नंबर 208.3 पर डूंगरपुर एक्सचेंज पुलिया के पास बेंगलुरु से बैटरियां भरकर दिल्ली जा रहा एक कंटेनर हादसे का शिकार हो गया।

राहुवास थाना सूचना प्रभारी हनुमान मीणा ने बताया कि कंटेनर लाइन नंबर दो में दिल्ली की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक उसके आगे का साइड टायर फट गया। उस समय लाइन नंबर तीन में उसके बराबर से एक अन्य कंटेनर गुजर रहा था। वहीं, आगे लाइन नंबर एक में टमाटर से भरा लाल रंग का कंटेनर खड़ा था। बताया गया कि लाल कंटेनर का चालक अपने वाहन को लाइन नंबर एक में ही खड़ा करके केबिन में सो रहा था। आगे खड़े कंटेनर और बगल से गुजर रहे वाहन के कारण दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर का चालक पर्याप्त कट नहीं ले सका। इसके बाद कंटेनर अनियंत्रित होकर खड़े कंटेनर से जा टकराया।

कंटेनर बीच से फटा, सड़क पर बिखर गईं बैटरियां

हादसा इतना भीषण था कि कंटेनर का इंजन केबिन और पूरा डैशबोर्ड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कंटेनर बीच से फट गया और उसमें रखी बैटरियां सड़क पर बिखर गईं। हादसे में कंटेनर चालक गफ्फार खान निवासी खिलचीपुर, सवाई माधोपुर गंभीर रूप से घायल हो गया। कंटेनर में कोई खलासी नहीं था। हादसे के बाद टमाटर से भरे कंटेनर का चालक अपना वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर महावीर ट्रांसपोर्ट कंपनी, दिल्ली का बताया जा रहा है। पुलिस फरार टमाटर कंटेनर के चालक की तलाश कर रही है।

क्रेन से हटाया क्षतिग्रस्त कंटेनर, यातायात कराया सुचारू

हादसे की सूचना मिलते ही राहुवास थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कंटेनर को सड़क से हटवाया, जिसके बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात सुचारू कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

हाईवे पर खड़े वाहन बन रहे हादसों का कारण

लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर हाईवे और एक्सप्रेसवे पर बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों की समस्या को सामने ला दिया है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर लाइन नंबर एक में कंटेनर खड़ा कर चालक के केबिन में सोने की वजह से यह हादसा हुआ। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि हाईवे या एक्सप्रेसवे पर वाहन खड़ा कर सोने से बचें और वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed