{"_id":"572e44b14f1c1b083f5cdfab","slug":"cm-cm-in-hisar-cm-in-hisar-gju-cm-program-in-hisar-hisar-haryana","type":"story","status":"publish","title_hn":"पढ़ाना आसान, इंसान बनाना मुश्किल : खट्टर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पढ़ाना आसान, इंसान बनाना मुश्किल : खट्टर
ब्यूरो / अमर उजाला , हिसार
Updated Sun, 08 May 2016 01:10 AM IST
विज्ञापन
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर
- फोटो : bureau
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि बच्चों को पढ़ाना आसान है, लेकिन उन्हें इंसान और कार्यकुशल बनाना बेहद मुश्किल कार्य है। देश भर में कौशल विकास के 1000 से अधिक कोर्स हैं, लेकिन उम्मीद के अनुसार दक्ष युवा नहीं मिल रहे। मुख्यमंत्री शनिवार को जीजेयू के चौधरी रणबीर सिंह सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
विज्ञापन
सीएम सुबह 9:45 बजे विश्वविद्यालय पहुंचे। वे विश्वविद्यालय में करीब सवा घंटे रुके और 11 बजे निकल गए। विश्वविद्यालय में उन्होंने सबसे पहले विवेकानंद भवन छात्रावास नंबर चार का उद्घाटन किया और कर्मचारियों के लिए सी और डी-टाइप मकानों का शिलान्यास किया। इसके बाद उन्होंने एलुमिनाई एसोसिएशन विभाग की वेबसाइट का भी उद्घाटन किया। इसके बाद सभागार में कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने की। इस अवसर पर कृषि एवं पशुपालन मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ व मुख्य संसदीय सचिव डॉ. कमल गुप्ता भी मौजूद थे।
विज्ञापन
पर्यावरण से निपटना चुनौती, खोजें उपाय
मुख्यमंत्री ने कहा कि महान पर्यावरणविद् गुरु जंभेश्वर महाराज के नाम से स्थापित इस विश्वविद्यालय को पर्यावरण संरक्षण की गंभीर चुनौतियों से निपटने के उपाय खोजने चाहिए। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार जैसी बुराइयों को आने वाली पीढ़ियों को अच्छे संस्कार देकर दूर किया जा सकता है।
विज्ञापन
किसान पराली न जलाएं : धनखड़
कृषि एवं पशुपालन मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि आज हमारे सामने जल संरक्षण, प्रदूषण, खाद्य पदार्थों की बर्बादी और गौमाता की दुर्गति जैसी चुनौतियां हैं। विश्वविद्यालय के विशेषज्ञ और वैज्ञानिक इसका समाधान खोज सकते हैं। वैज्ञानिक यह उपाय करें कि किसान पराली न जलाएं, पानी का सदुपयोग करें। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश को तीन करोड़ एकड़ फीट पानी की जरूरत है, जबकि हमारे पास केवल दो करोड़ एकड़ फीट पानी ही है। सीपीएस डॉ. कमल गुप्ता ने जीजेयू को हरियाणा का श्रेष्ठ विश्वविद्यालय होने और देशभर के तकनीकी विश्वविद्यालयों में प्रथम स्थान पाने पर बधाई दी।
यह बोले कुलपति
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने कहा कि यह विश्वविद्यालय शिक्षण कार्यों के अलावा गांवों को गोद लेने, पर्यावरण संरक्षण व सामाजिक विकास के कार्य करने में भी अग्रणी है। विश्वविद्यालय ने उन परिवारों की लड़कियों के लिए विभिन्न विषयों में एक अतिरिक्त सीट आरक्षित की हैं, जिनके परिवार में कोई लड़का नहीं है। कुलसचिव डॉ. अनिल कुमार पुंडीर ने कहा कि आने वाले समय में यह विश्वविद्यालय और बड़ी उपलब्धियां हासिल करेगा। इस मौके पर महर्षि दयानंद विवि रोहतक के कुलपति प्रो. बीके पूनिया, चौ. देवीलाल विवि के कुलपति डॉ. राधेश्याम शर्मा, मुरथल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आरके दहिया, एलुमिनाई रिलेशंस विभाग के डीन प्रो. एमएस तुरान आदि उपस्थित थे।
21.65 करोड़ में बना हॉस्टल
मुख्यमंत्री द्वारा उद्घाटन किए गए नवनिर्मित हॉस्टल को हाल ही में 21.65 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। विवेकानंद भवन नाम के इस चार मंजिला छात्रावास में 120 कमरे बनाए गए हैं, जिनमें 360 विद्यार्थियों को आवासीय सुविधा मिलेगी। इनके अलावा छात्रावास में एक डाइनिंग हॉल, एक रीडिंग रूम, 2 मनोरंजन कक्ष, 1 वार्डन कार्यालय, आगंतुक कक्ष व पार्किंग का निर्माण भी किया गया है। मुख्यमंत्री ने सी व डी-टाइप मकानों का भी शिलान्यास किया, जिस पर 2.77 करोड़ रुपये की लागत आएगी।