हिसार। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के प्रबंध निदेशक पीसी मीणा ने उपमंडल स्तर पर सभी बिंदुओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों की प्रगति का आकलन किया। खराब प्रदर्शन के कारण कार्यकारी अभियंता हांसी, कार्यकारी अभियंता नरवाना, उपमंडल अधिकारी उचाना को चार्जशीट किया गया। उपमंडल अधिकारी नारनौंद व 2 कनिष्ठ अभियंता को निलंबित कर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के आदेश दिए।
प्रबंध निदेशक पीसी मीणा निगम के विद्युत सदन के कॉन्फ्रेंस हॉल में बुधवार को हिसार, फतेहाबाद और जींद सर्कल की ऑपरेशनल रिव्यू कमेटी (ओआरसी) की बैठक ले रहे थे। उन्होंने सभी सब डिविजन, डिविजन और सर्कल स्तर पर पिछली ओआरसी बैठक की तुलना करते हुए प्रगति की स्थिति का जायजा लिया। बेहतर सुधार करने के निर्देश दिए। प्रबंध निदेशक ने बिजली संबंधित शिकायतों एवं समस्याओं का गुणवत्तापूर्वक तुरंत समाधान करने और उपभोक्ताओं को इसकी जानकारी देने तथा उनकी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए उनके संतुष्टीकरण के निर्देश दिए। प्रगति रिपोर्ट के अनुसार ऑपरेशन हिसार एसई और एसई जींद के कार्यों पर नाराजगी जाहिर की गई। बैठक में डीएचबीवीएन के प्रोजेक्ट निदेशक सुरेश कुमार बंसल, फाइनेंस निदेशक रतन कुमार वर्मा, चीफ इंजीनियर प्रशासन रजनीश गर्ग, एसई सीबीओ कृष्ण स्वरूप, एसई कॉमर्शियल एसके सिंह, एसई एमएंडपी जयदीप फोगाट, एसई जींद प्रमोद सिंगला, एसई फतेहाबाद एसएस राय, कार्यकारी अभियंता मॉनिटरिंग प्रदीप ढुल, सीबीओ के एचएस जाखड़ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।