हांसी, अग्रोहा। हांसी के वार्ड नंबर 11 में एमटी तालाब के नजदीक कॉलोनी में रविवार को पालतू गाय ने साढ़े 10 वर्षीय बच्ची रितिका को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई व उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। रितिका हांसी के भाजपा नेता मंदीप जांगड़ा की भतीजी है। मृतक बच्ची का शव मेडिकल कॉलेज अग्रोहा के शवगृह में रखवा दिया है। बच्ची रविवार दोपहर बाद गाय को चारा डालने के लिए गई थी।
चिकित्सकों को दिए बयान में रितिका के पिता रविंद्र ने बताया कि साढ़े दस वर्षीय पांचवीं कक्षा में पढ़ती थी। उसकी बेटी जब गाय को चारा डालने गई तो उसे गाय ने टक्कर मार दी। बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी तो परिजन घर से बाहर आए और बच्ची को गाय से छुड़ाया। उसे गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां से उसे रेफर कर दिया। बाद में अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मेडिकल कॉलेज के सीएमओ डॉ. राकेश शर्मा ने बताया कि मृतक बच्ची का शव मोर्चरी में रखवा दिया है, सोमवार को पोस्टमार्टम होगा। भाजपा ने मंदीप जांगाड़ा ने बताया कि उसकी भतीजी रितिका रविवार ढाई बजे गाय को संभालने के लिए गई थी। इसके बाद घर में मौजूद लोगों को चिल्लाने की आवाज आई। उन्होंने मौके पर पहुंचकर गाय से रितिका को छुड़वाया और अस्तपाल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।