हिसार। जिले के गांव बगला निवासी आशीष मूर्ति सहारण का भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र में बतौर साइंटिफिक ऑफिसर के पद के लिए ज्वाइन किया है। आशीष के मुताबिक उसकी ज्वाइनिंग की औपचारिकताएं पूरी हो गई हैं। पहले वर्ष टेक्निकल ट्रेनिंग के साथ-साथ एमटेक की पढ़ाई भी करवाई जाएगी।
आशीष ने बताया कि उसकी कक्षा दसवीं तक पढाई गांव के डीएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हुई। इसके बाद बारहवीं पीजीएसडी स्कूल हिसार से की। फिर जेसी बसु विश्वविद्यालय फरीदाबाद से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। इसी दौरान उसने बीएआरसी संस्थान के लिए परीक्षा दी, जिसके लिए 30 मई को मुंबई में साक्षात्कार हुआ। इसका परिणाम 28 जून को आया। आशीष ने बताया कि उसकी बचपन से ही मैकेनिकल, एयरोस्पेस, फिजिक्स व परमाणु ऊर्जा इत्यादि विषयों में विशेष रुचि रही है। पिता करणपाल सहारण व माता मूर्ति देवी सहारण ने बताया कि आशीष का चयन एनपीसीआईएल में भी बतौर वैज्ञानिक हुआ। मगर उसने बीएआरसी का वैज्ञानिक बनने को प्राथमिकता दी। आशीष के मामा शमशेर आर्य ने बताया कि आशीष बचपन से ही मेधावी रहा है और पढ़ाई के प्रति उसकी विशेष रुचि रही। ब्यूरो