फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Hisar News ›   47 मिनट देरी से आए, 33 मिनट भाषण दिया, 44.9 डिग्री तापमान में भी डटे रहे कार्यकर्ता

47 मिनट देरी से आए, 33 मिनट भाषण दिया, 44.9 डिग्री तापमान में भी डटे रहे कार्यकर्ता

Thu, 06 Jun 2019 02:04 AM IST
Rohtak Bureau रोहतक ब्यूरो
Updated Thu, 06 Jun 2019 02:04 AM IST
विज्ञापन
47 मिनट देरी से आए, 33 मिनट भाषण दिया, 44.9 डिग्री तापमान में भी डटे रहे कार्यकर्ता
हिसार। कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री मनोहर लाल 47 मिनट देरी से सभा स्थल पुराना राजकीय कॉलेज मैदान में पहुंचे। उन्होंने 33 मिनट तक अपना भाषण दिया और कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया। यही कारण रहा कि 44.9 डिग्री तापमान में भी कार्यकर्ता अंत तक डटे रहे। समारोह में पन्ना प्रमुखों, बूथ इंचार्ज, शक्ति केंद्र पालकों व अन्य कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
विज्ञापन

अपने भाषण से पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जहां एक ओर कार्यकर्ताओं पर पुष्पवर्षा की तो भाषण के दौरान विरोधियों पर शब्द बाणों का बौछार की। खास बात यह भी रही कि सीएम के पहुंचने से लेकर उनके जाने तक स्थानीय नेताओं में उनके साथ खड़ा होने की होड़ मची रही। कार्यक्रम सुबह नौ बजे होना था, लेकिन सीएम 9:47 बजे सभा स्थल पर पहुंचे। हालांकि वे सुबह नौ बजे ही हवाई अड्डे पर पहुंच चुके थे, लेकिन कार्यकर्ताओं की भीड़ कम होने के कारण उन्हें वहीं रोक लिया गया था। सीएम ने अपना भाषण 10:18 बजे शुरू किया और 10:51 बजे उनका भाषण संपन्न होते ही कार्यक्रम भी संपन्न हो गया।
विज्ञापन


कार्यकर्ताओं और पन्ना प्रमुखों की बदौलत सभी 10 सीटों पर खिला कमल
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया कि लोकसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं और पन्ना प्रमुखों ने खून-पसीने से राजनीतिक जमीन को सिंचित किया, जिससे हरियाणा में सभी 10 स्थानों पर कमल खिले। चुनाव में कार्यकर्ताओं और पन्ना प्रमुखों को जो जिम्मेदारियां दी गईं, उसे उन्होंने बखूबी निभाया। इससे उनके मन में विचार आया कि नेताओं और मंत्रियों का तो बहुत अभिनंदन होता है, लेकिन उन कार्यकर्ताओं का भी अभिनंदन होना चाहिए, जिन्होंने नींद या भूख-प्यास की परवाह किए बिना चुनाव में कमल खिलाने में अपनी पूरी ताकत झोंक दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एम्पलीफायर बताते हुए कहा कि उनके बिना पार्टी की बात जनता तक पहुंचानी संभव नहीं है। हरियाणा के इतिहास में पहली बार भाजपा को प्रदेश की सभी 10 सीटों पर जीत मिली है। उन्होंने कहा कि आने वाले 140 दिन हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं और विधानसभा चुनाव में भी जनता भाजपा को फिर से पूर्ण बहुमत देगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को नारा दिया कि दिल्ली हुई हमारी है, अब चंडीगढ़ की बारी है।
विज्ञापन
विज्ञापन


टोकरी को लेकर आगे-पीछे डोलते रहे नेता
सभा स्थल पर आते ही सीएम ने पंडाल में बनाई गई विशेष गैलरी की तरफ रुख किया और कार्यकर्ताओं पर फूल बरसाने के लिए आगे बढ़े। यहां पर छोटे-बड़े नेता फूलों की टोकरी लेकर सीएम के आगे-पीछे चलते हुए नजर आए। टोकरी कभी कैप्टन अभिमन्यु के हाथ में होती तो कभी सुरेंद्र पूनिया के और कभी विधायक डॉ. कमल गुप्ता या अन्य के हाथ में। मेयर गौतम सरदाना तो टोकरी को सिर पर ही रखकर चल रहे थे।

सड़कें हुईं खाली तो बाजारों में बढ़ी भीड़
सीएम के आगमन के मद्देनजर पुलिस ने नागौरी गेट से पारिजात चौक तक ऑटो पर रोक लगा दी। सभी ऑटो चालक बाजारों से होकर जाने लगे। सड़क से ऑटो हटते ही वे खाली और खुली नजर आने लगीं, जबकि बाजारों में जाम जैसी स्थिति बनी रही। सीएम के जाने के बाद ही आवाजाही सामान्य हो पाई।

नारे लगाए तो सीएम बोले, बस कर जगदीश भाटिया
जैसे ही मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपना भाषण शुरू किया तो एक कार्यकर्ता ने उनके पक्ष में नारे लगाने शुरू कर दिए। इस पर मुख्यमंत्री मंद-मंद मुस्कुराए और बोले बस कर जगदीश भाटिया। सीएम के मुख से अपना नाम सुनकर कार्यकर्ता जगदीश ने और जोश से 2-3 बार नारे लगाए और उसके बाद बैठा।

आगे शिकायतें लेते रहे, पीछे पकड़ाते रहे
जिस समय सीएम कार्यकर्ताओं पर फूल बरसाते हुए विशेष गैलरी से गुजर रहे थे, उस समय अनेक लोगों ने अपनी शिकायतें भी सीएम को सौंपी। सीएम ने कार्यकर्ताओं को निराश नहीं किया और आगे से शिकायत लेकर पीछे बिना मुड़े ही पकड़ाते रहे।

गाना किया प्रस्तुत, झूमने लगे कार्यकर्ता
इस दौरान वहां मौजूद गायक मंडली द्वारा कार्यकर्ताओं पर एक गाना प्रस्तुत किया गया। इसे सुनकर पंडाल में मौजूद कार्यकर्ता झूमने लगे। यह देख सीएम भी ताली बजाकर गाने का आनंद लेने लगे। सीएम को ताली बजाते देख अन्य नेता भी ताली बजाने में जुट गए।

सीएम से मिलने से रोका
रोहतक के आईआईवीईआर संस्थान के करीब 20 छात्र सीएम से मिलने के लिए पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें गेट पर ही रोक लिया। छात्र नवीन, अजय, मोहित, अंशुल, अपूर्व, अंकेश, अमन, चांद, रविंद्र आदि ने बताया कि कोर्स के बाद उनसे इंटर्नशिप की फीस वसूली जा रही है, जबकि फीस लेने का कोई प्रावधान नहीं था।


ये रहे समारोह में उपस्थित
कार्यकर्ताओं को वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, नवनिर्वाचित सांसद बृजेंद्र सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, हरियाणा वेयर हाउसिंग कारपोरेशन के चेयरमैन श्रीनिवास गोयल, विधायक डॉ. कमल गुप्ता, राज्यसभा सांसद डॉ. डीपी वत्स, विधायक रणबीर गंगवा, मुख्यमंत्री के ओएसडी भूपेश्वर दयाल, पूर्व विधायक विनोद भ्याणा, हरियाणा मिट्टी कला बोर्ड के चेयरमैन कर्णसिंह रानोलिया, पूर्व मंत्री अतर सिंह सैनी, प्रो. मनदीप मलिक, प्रो. छतरपाल सिंह, मेयर गौतम सरदाना, जिलाध्यक्ष सुरेंद्र पूनिया, महाबीर प्रसाद व सीमा गैबीपुर आदि मौजूद थे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed