Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Haryana assembly election 2024 hot seats political education news in hindi

Haryana: सीएम सैनी, हुड्डा से लेकर अभय-दुष्यंत तक, हरियाणा में दिग्गजों की सीटों पर कैसे हैं चुनावी समीकरण?

Sun, 01 Sep 2024 07:17 AM IST
शिवेंद्र तिवारी स्पेशल डेस्क, अमर उजाला
स्पेशल डेस्क, अमर उजाला Published by: शिवेंद्र तिवारी Updated Sun, 01 Sep 2024 07:17 AM IST
विज्ञापन
सार
Haryana Hot Seats: हरियाणा में एक चरण में 5 अक्तूबर को मतदान होगा। वहीं नतीजे 8 अक्तूबर को घोषित किए जाएंगे। इस चुनाव में मुख्यमंत्री नायब सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला जैसे दिग्गज भी भाग्य आजमाएंगे। 
loader
Haryana assembly election 2024 hot seats political education news in hindi
हरियाणा विधानसभा चुनाव - फोटो : AMAR UJALA

विस्तार

हरियाणा में चुनावी बिगुल बज चुका है। राज्य की 90 विधानसभा सीटों के लिए 5 अक्तूबर को मतदान होना है। शनिवार को चुनावी आयोग ने हरियाणा चुनाव की तारीखों में बदलाव किया है। आयोग ने हरियाणा के लिए मतदान के दिन को 1 अक्टूबर से बदलकर कर 5 अक्तूबर किया है। इसके साथ ही नतीजे भी अब 4 अक्तूबर के बजाय 8 अक्तूबर को आएंगे। विधानसभा चुनाव से पहले हरियाणा में सियासी हलचल तेज है। सत्ताधारी भाजपा में उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप देने के लिए पार्टी में बैठकों का दौर जारी है। उधर कांग्रेस भी उम्मीदवारों के चयन की कवायद में जुटी हुई है।




इस चुनाव में कई दिग्गजों की सियासी किस्मत भी दांव पर होगी। इनमें राज्य के मुख्यमंत्री नायब सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, इनेलो के वरिष्ठ नेता अभय सिंह चौटाला और पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला जैसे बड़े चेहरे भी शामिल हैं। इस चुनाव में इन दिग्गजों की सीटों पर सभी की नजरें होंगी। आइये जानते हैं इनकी सीटों का हाल...

करनाल, मुख्यमंत्री नायब सैनी: इस विधानसभा चुनाव में हरियाणा की सबसे हॉट सीट में करनाल का होना तय है। यहां से मुख्यमंत्री नायब सैनी ताल ठोकेंगे। लोकसभा चुनाव से पहले हरियाणा में नेतृत्व परिवर्तन हुआ था। भाजपा ने मनोहर लाल को हटाकर ओबीसी समुदाय से आने वाले भाजपा के प्रमुख नेता नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री बनाया था। 12 मार्च, 2024 को सैनी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। साल 2019 में भाजपा के नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा था और वह संसद पहुंचे। भाजपा ने सैनी को 2023 में प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष पद की भी जिम्मेदारी दी थी।

करनाल विधानसभा सीट पर हरियाणा में इसी साल 25 मई को उपचुनाव कराया गया था। 2019 में करनाल लोकसभा सीट से चुने गए नायब सिंह सैनी को भाजपा ने मार्च 2024 में मुख्यमंत्री बना दिया था। मुख्यमंत्री बने रहने के लिए उन्हें छह महीने के अंदर हरियाणा विधानसभा का सदस्य होना जरूरी हो गया था। लोकसभा चुनाव के साथ हुए करनाल विधानसभा सीट पर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी एवं सीएम नायब सैनी जीत दर्ज करके विधायक बन गए। उन्होंने कांग्रेस के तरलोचन सिंह को हराया।

करनाल सीट पर करीब आधी आबादी सामान्य वर्ग की है। इनमें सबसे अधिक 21 फीसदी पंजाबी समाज है। इसके अलावा एससी 50 फीसदी, बीसी-ए 22 फीसदी और बीसी-बी पांच फीसदी है। कई बार यहां से पंजाबी समाज का ही विधायक बना है। महज तीन प्रतिशत आबादी वाले सैनी समाज से पहली बार नायब सैनी उपचुनाव जीते।

करनाल के चुनावी इतिहास पर गौर करें तो 1967 से लेकर 2019 तक कुल 13 चुनावों में भाजपा को यहां पांच बार जीत मिली है। वहीं मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस को चार बार सफलता मिली है। इसके अलावा दो बार निर्दलीय और एक-एक बार जनसंघ और जनता पार्टी को जीत मिली है। इसके अलावा 2024 के उपचुनाव में भी भाजपा को सफलता मिली। पिछले विधानसभा चुनाव में करनाल में भाजपा की तरफ से तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल उतरे थे। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार तरलोचन सिंह को 45188 मतों से शिकस्त दी थी।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा, गढ़ी-सांपला-किलोई: प्रदेश की सबसे हॉट सीट में से एक गढ़ी-सांपला-किलोई भी शामिल है। यह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र रोहतक जिले और रोहतक लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में आता है। रोहतक परंपरागत रूप से कांग्रेस पार्टी और हुड्डा परिवार का वर्चस्व वाला क्षेत्र माना जाता रहा है। यहां की गढ़ी-सांपला-किलोई सीट से कांग्रेस की ओर से पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा चुनाव मैदान में होने की उम्मीद है। मध्य हरियाणा की गढ़ी-सांपला-किलोई-61 विधानसभा सीट पर कुल 2.20 लाख मतदाता हैं जिसमें जाट मतदाता सबसे अधिक हैं। 

गढ़ी-सांपला-किलोई के चुनावी इतिहास पर गौर करें तो यहां कांग्रेस का दबदबा रहा है। 1967 से लेकर 2019 तक कुल 13 चुनावों में कांग्रेस को सात बार जीत मिली है। इसके अलावा 2005 के उपचुनाव में भी यहां से कांग्रेस के भूपेंद्र हुड्डा जीते थे। अन्य दलों की बात करें तो दो बार लोक दल और एक-एक बार कांग्रेस (ओ), निर्दलीय, सोशल एक्शन पार्टी और जनता पार्टी को भी यहां से जीत मिली है। भाजपा को अब तक इस सीट पर जीत दर्ज करने का इंतजार है।

2019 में यहां कांग्रेस की तरफ से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को जीत मिली थी। उन्होंने भाजपा के प्रत्याशी सतीश नांदल को 58312 मतों से शिकस्त दी थी। भूपेंद्र हुड्डा यहां से पांच बार जीत दर्ज कर चुके हैं। भूपेंद्र के पिता रणवीर सिंह हुड्डा भी 1968 में किलोई सीट से कांग्रेस के टिकट पर जीते थे। 

अभय सिंह चौटाला, ऐलनाबाद: यह विधासभा क्षेत्र सिरसा जिले में पड़ता है। ऐलनाबाद सीट से एक बार फिर इंडियन नेशनल लोक दल के वरिष्ठ नेता अभय सिंह चौटाला ताल ठोक सकते हैं। अभय देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री देवी लाल के पोते हैं। अभय सिंह चौटाला मौजूदा विधानसभा में इनेलो के एकमात्र विधायक हैं जिसने कभी हरियाणा में सरकार चलाई है। 

ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 54 फीसदी मतदाता सामान्य जाति के हैं और इसमें भी अकेले जाट समाज के लोगों का वोट 37 फीसदी है। पिछड़ा वर्ग के 24 फीसदी जबकि अनुसूचित जाति वर्ग के 22 फीसदी मतदाता हैं।

यहां के पुराने समीकरण देखें तो ज्यादातर मुकाबले इंडियन नेशनल लोकदल के पक्ष में रहे हैं। 2019 तक हुए कुल 13 चुनावों में इनेलो को यहां पांच बार सफलता मिली है। वहीं कांग्रेस ने तीन बार जीत दर्ज की है। इसके अलावा दो बार लोक दल और एक-एक बार सोशलिस्ट एक्शन पार्टी, विशाल हरियाणा पार्टी और जनता पार्टी को जीत मिली है। इसके अलावा 2021 के उपचुनाव में भी इनेलो को जीत मिली थी।

पिछली बार ऐलनाबाद में मुख्य मुकाबला इनेलो के अभय सिंह चौटाला और भाजपा के पवन बेनीवाल में देखने को मिला था। उस चुनाव में इनेलो के अभय सिंह चौटाला 11922 मतों से विजयी रहे थे। भाजपा के पवन बेनीवाल ने उन्हें कड़ी टक्कर दी थी। ऐलनाबाद से इनेलो विधायक अभय सिंह चौटाला ने जनवरी 2021 में कृषि कानूनों के खिलाफ इस्तीफा दे दिया था। उपचुनाव के बाद नवंबर 2021 में आए नतीजे में अभय सिंह चौटाला दोबारा विधायक चुने गए। भाजपा-जजपा गठबंधन प्रत्याशी गोबिंद कांडा दूसरे नंबर पर रहे जबकि कांग्रेस की तरफ से उतरे पवन बैनीवाल की जमानत जब्त हो गई थी। 

दुष्यंत चौटाला, उचाना कलां: पिछले चुनाव में किंगमेकर बनी जननायक जनता पार्टी एक फिर चुनावी मुकाबले के लिए तैयार है। पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला उचाना सीट से चुनाव मैदान में हो सकते हैं। बांगर बेल्ट में उचाना कलां सीट की गिनती प्रदेश की सबसे हॉट सीटों में की जाती है। उचाना सीट जींद जिले में आती है और एक जाट बहुल सीट है। 

1977 से लेकर 2019 तक कुल 10 चुनावों में उचाना कलां में कांग्रेस चार बार जीती है। साथ ही 1985 के उप चुनाव में भी यहां से कांग्रेस को जीत मिली थी। इसके अलावा दो बार इनेलो दो बार, भाजपा, लोक दल, जजपा और ऑल इंडिया इंदिरा कांग्रेस (तिवारी) एक-एक बार जीते हैं। 2019 में यहां जजपा की तरफ से पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को जीत मिली थी। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी प्रेम लता को 47452 मतों से हराया था।
 

हरियाणा चुनाव शेड्यूल
हरियाणा चुनाव शेड्यूल - फोटो : अमर उजाला
हरियाणा में चुनाव कार्यक्रम क्या है?
चुनाव आयोग ने 16 अगस्त को जम्मू कश्मीर के साथ हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान किया था। हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के लिए एक चरण में मतदान होना है। नए चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, चुनाव के लिए अधिसूचना 5 सितंबर को जारी होगी। नामांकन की आखिरी तारीख 12 सितंबर होगी। वहीं, अब मतदान की तारीख 5 अक्तूबर हो गई है जो पहले 1 अक्तूबर थी। नतीजे अब 8 अक्तूबर को घोषित किए जाएंगे। 

पिछली बार 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए 21 अक्तूबर, 2019 को वोट डाले गए थे। 24 अक्तूबर, 2019 को मतगणना कराई गई थी। जब नतीजे आए तो 90 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा को सबसे ज्यादा 40 सीटें मिलीं। कांग्रेस 31 सीटें जीतकर मुख्य विपक्षी पार्टी बनी। विधानसभा चुनाव में जजपा 10 सीटें जीतने में सफल रही। सात निर्दलीय, इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) एक और हरियाणा लोकहित पार्टी को एक सीट पर जीत मिली। सत्ताधारी भाजपा बहुमत के आंकड़े से दूर रह गई। 90 सदस्यों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए 46 सीटों पर जीत जरूरी थी। चुनाव के बाद 10 सीटों वाली जजपा के साथ पार्टी ने गठबंधन किया और राज्य की सत्ता में वापसी की। 27 अक्तूबर, 2019 को मनोहर लाल ने हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। किंग मेकर बने दुष्यंत चौटाला ने उप-मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed