फतेहाबाद। गर्मी के बढ़ने के साथ लोग फंगल इंफेक्शन और एलर्जी के शिकार होने लगे हैं। नागरिक अस्पताल में चर्म रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में रोजाना 200 से 225 मरीज पहुंच रहे हैं, जबकि पहले यह संख्या 150 से 175 तक रहती थी। ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ने के कारण अब गैलरी में बैठने की व्यवस्था की गई है।
नागरिक अस्पताल की चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रीत कौर ने बताया कि गर्मी के मौसम में त्वचा रोगों के मामले बढ़ जाते हैं। त्वचा रोगों से बचाव के लिए ढीले और सूती वस्त्र पहनने चाहिए, जो पसीने को सोखने में मदद करें। गर्मियों में फंगल इंफेक्शन के मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो जाता है। ऐसे में जींस या टाइट कपड़े पहनने से बचना चाहिए। गर्मी और पसीने से बचने के लिए जितना ध्यान रखेंगे, उतना ही फंगल इंफेक्शन होने का खतरा कम होगा। इसके अलावा, बिना डॉक्टर की सलाह के दवाइयां न लें, क्योंकि अनावश्यक दवाइयों के उपयोग से त्वचा की स्थिति और खराब हो सकती है। उन्होंने कहा कि बादलवाही के दिनों में सनस्क्रीन न लगाना, त्वचा को बार-बार या कठोरता से रगड़ना और भारी क्रीमों का उपयोग करना त्वचा की समस्याओं को बढ़ा सकता है।