हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी के आह्वान पर कोरोना महामारी से जींद डिपो के परिचालक व सिरसा डिपो के मैकेनिक चंद्रशेखर की मौत होने पर परिवारों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा तथा एक्सग्रेशिया के तहत सरकारी नौकरी देने की मांग की। वहीं मांगों को लेकर रोडवेज कर्मचारियों ने फतेहाबाद डिपो में प्रदर्शन करके महाप्रबंधक के माध्यम से महानिदेशक को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन की अध्यक्षता डिपो प्रधान मनोज कुमार कुंडू, शिव कुमार, ईश्वर सहारण, सितेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से की।
रोडवेज नेताओं ने बताया कि हरियाणा रोडवेज का कर्मचारी कोरोना महामारी के चलते अपनी जान जोखिम में डालकर दिन-रात ड्यूटी कर रहा है इसलिए कोरोना महामारी के चलते विभाग के सभी कर्मचारियों को स्वास्थ्य, नगरपालिका व पुलिस कर्मचारियों की भांति 50 लाख रुपये एक्सग्रेशिया बीमा पॉलिसी में शामिल किया जाए। इसके अलावा हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी की परिवहन मंत्री व सरकार के साथ हुई बातचीत में मानी गई मांगों को तुरंत प्रभाव से लागू किया जाए। इसमें 1992 से लेकर 2002 तक कर्मचारियों को नियुक्ति तिथि से पक्का करना, परिचालकों का ग्रेड पे बढ़ाना, कर्मशाला के वंचित कर्मचारियों को तकनीकी वेतनमान देना व स्थायी भर्ती करना, 2016 में लगे चालकों को पक्का करना आदि मांगों को तुरंत प्रभाव से लागू किया जाए अन्यथा तालमेल कमेटी को मजबूर होकर सख्त आंदोलन करना पड़ेगा। इसकी सारी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी। इस अवसर पर राजाराम हुड्डा, सुभाष बिश्नोई, आजाद सिंह, अनिल खटक, रिछपाल सोनी, रामदिया, दर्शन, दीपक, नरेश आदि मौजूद रहे।