फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Fatehabad News ›   Mukesh murder case: Markets closed, highway blocked

मुकेश हत्याकांड : भूना में गम और गुस्सा, बाजार बंद, हाईवे जाम

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Fri, 16 Dec 2022 11:17 PM IST
विज्ञापन
Mukesh murder case: Markets closed, highway blocked
भूना। कस्बे के चंदन नगर में दुकानदार मुकेश प्रजापति की हत्या से गम और गुस्से का माहौल है। हत्या से नाराज लोगों ने शुक्रवार की सुबह मुकेश के शव के साथ सिरसा-चंडीगढ़ रोड पर अनाज मंडी गेट के सामने अग्रसेन चौक पर जाम लगा दिया। शहर की सभी दुकानें, सब्जी एवं फल विक्रेताओं की रेहड़ियां तथा व्यापारिक प्रतिष्ठान पूरे दिन पूर्णतया रूप से बंद रहे। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मृतक मुकेश प्रजापति की पत्नी को सरकारी नौकरी और 50 लाख मुआवजा देने की मांग की। मांग पूरी होने तक शव का अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। वहीं, प्रशासनिक स्तर पर प्रदर्शनकारियों की दो दौर की वार्ता हुई, मगर सहमति नहीं बन सकी।
विज्ञापन

शुक्रवार की सुबह 8.30 बजे अग्रसेन चौक पर प्रदर्शनकारियों ने मुकेश प्रजापति के शव को रखकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पुलिस प्रशासन की हीलाहवाली के कारण एक परिवार उजड़ गया। पुलिस के सामने गरीबदास के घर पर सैकड़ों बदमाशों ने गुंडागर्दी की। गरीबदास के बेटे की हत्या कर दी गई। पुलिस मूकदर्शक बनकर तमाशा देखती रही।
विज्ञापन

जाम की सूचना मिलने पर एसडीएम राजेश कुमार, डीएसपी अजायब सिंह, डीएसपी जुगल किशोर व मार्केट कमेटी के सचिव ईश्वर सिंह ढाका ने प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों के समक्ष मुकेश प्रजापति की पत्नी को डीसी रेट पर सरकारी नौकरी देने, बच्चों के पालन पोषण हेतु 50 लाख रुपये की आर्थिक मदद करने, हमले में शामिल बदमाशों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की। इसके अलावा पीड़ित परिवार को दो शस्त्र लाइसेंस जारी करने और लापरवाह पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित करने की मांग की। एसडीएम ने प्रदर्शनकारियों से कहा कि डीसी से वार्ता के बाद ही कोई आश्वासन दिया जाएगा। इसके बाद अधिकारी पुलिस स्टेशन लौट गए। इस बीच प्रशासनिक स्तर पर प्रदर्शनकारियों की 11 सदस्यीय गठित कमेटी के साथ दो दौर की वार्ता हुई, मगर पीड़ित पक्ष अपनी मांगों पर अड़े रहे। इसलिए प्रदर्शनकारियों और अधिकारियों के बीच वार्ता विफल हो गई।
विज्ञापन
विज्ञापन

प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर लगाए तंबू और रात्रि के लिए लंगर चलाया
महाराजा अग्रसेन चौक पर सिरसा-चंडीगढ़ सड़क के बीचोबीच टेंट गाड़ दिए गए हैं। जाम स्थल पर सुबह से बैठे हजारों प्रदर्शनकारियों के लिए लंगर की सेवा भी शुरू कर दी गई है। शहर के लोग पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद के लिए सहयोग राशि भी जुटा रहे हैं।
गुंडागर्दी के विरोध में दिनभर बाजार रहा बंद
चंदन नगर में गरीबदास (65) की दुकान पर रविवार की रात्रि बीड़ी के बंडल देने से इन्कार करने पर बदमाश काकू ने दुकानदार के छोटे बेटे शिवम पर हमला बोल दिया था। हमले में शिवम जख्मी हो गया था। परिवार के सदस्यों ने साहस कर किसी तरह काकू को भगा दिया था। इसी रंजिश में काकू ने करीब 40 बदमाशों को बुलाकर तेजधार हथियारों के साथ-साथ ईंट पत्थरों से आधा दर्जन घरों पर हमला बोल दिया था। हमले में दो महिलाओं सहित आठ लोग घायल हो गए थे। हमले में रमेश कुमार व मुकेश प्रजापति पर चाकू से प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। घायलों को हिसार में एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान वीरवार की सुबह मुकेश प्रजापति की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही पूरे शहर में लोगों का गुस्सा बढ़ गया और शुक्रवार की सुबह से ही गुंडागर्दी के विरोध में सिरसा-चंडीगढ़ रोड जाम करके परिवार की मदद के साथ-साथ आरोपियों का एनकाउंटर तक करने की मांग की।
धरनास्थल पर मृतक की पत्नी हुईं बेसुध
धरनास्थल पर बेटे के शव को देखकर गरीबदास का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक मुकेश की पत्नी कमलेश बेहोश होकर जमीन पर पड़ी थीं। उसके नाबालिग दोनों बच्चे अपने पापा के शव को देखकर चीख रहे थे। शहर की जनता ने घरों से बाहर निकलकर एक केले की रेहड़ी लगाने वाले युवा की मौत पर गुंडागर्दी के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।
थानाध्यक्ष का हुआ तबादला
थानाध्यक्ष एवं इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह का तबादला भूना से सिटी रतिया में कर दिया गया है। जबकि उनकी जगह साइबर सेल फतेहाबाद में तैनात सब इंस्पेक्टर अनूप सिंह को तैनात किया गया है। हालांकि बढ़ती आपराधिक घटनाओं और नशे के चलते शहर के लोग लंबे समय से पुलिस चौकी की मांग कर रहे हैं। तत्कालीन पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने पुलिस चौकी बनाए जाने को लेकर हिसार मंडल आयुक्त के समक्ष डिमांड भी रखी थी। उसी को लेकर कई जगहों का निरीक्षण भी किया गया था। मगर. पुलिस चौकी बनाए जाने की फाइल पिछले डेढ़ साल से सरकारी कागजों में दबी हुई है।

कोट
मुकेश प्रजापति हत्याकांड में पुलिस ने अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकतर की पहचान हो चुकी है। मुकेश का शव सड़क पर रखकर लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। जिनकी मांग है कि मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी और 50 लाख रुपये दिए जाएं। पुलिस सहायता व शस्त्र लाइसेंस से संबंधित मांगों को हमने पूरा करने का भरोसा दिया है। समझौते के लिए प्रदर्शनकारियों से वार्ता लगातार की जा रही है।
-जुगल किशोर, डीएसपी
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed