हरियाणा: नशा तस्करों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, एक आरोपी को भगाया, एएसआई घायल
पुलिस को सूचना मिली कि बाजीगर बस्ती में नशा तस्करी की जा रही है। सूचना पर पुलिस ने बस्ती में जाकर छापेमारी की तो दो युवक हरपाल व छिंदर को सरेआम नशा बेचते हुए पाया।
विस्तार
फतेहाबाद के जाखल की बाजीगर बस्ती में नशा तस्करी कर रहे लोगों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। हमलावर नशा तस्करी कर रहे एक युवक को छुड़ाने में भी कामयाब हो गए। लेकिन पुलिस ने मौके से एक युवक को काबू कर उससे नशे में प्रयुक्त होने वाली 140 गोलियां बरामद कर ली। वहीं हमले में एक एएसआई भी घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना में घायल एएसआई को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जाखल पुलिस थाना के एएसआई कृष्ण कुमार की शिकायत पर दर्ज करवाए गए मामले में बताया गया है कि पुलिस को सूचना मिली कि बाजीगर बस्ती में नशा तस्करी की जा रही है। सूचना पर पुलिस ने बस्ती में जाकर छापेमारी की तो दो युवक हरपाल उर्फ पाली व छिंदर को सरेआम नशा बेचते हुए पाया। पुलिस ने जैसे ही दोनों युवकों को पकड़ने का प्रयास किया तो वह भागकर अपने मकान में चले गए।विज्ञापन विज्ञापन
पुलिस ने जैसे ही वहां पर इनको पकड़ना चाहा तो मकान के अंदर से अन्य महिलाएं व पुरुष भी आ गए। उन्होंने पुलिस टीम को घेर कर पकड़े गए दोनों आरोपियों को छुड़ाने के लिए धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इससे वह एक युवक को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ा ले गए। पुलिस ने हरपाल उर्फ पाली, छिंदर, जोगिंदरो, पासो देवी, पम्मी देवी सहित चार अन्य महिला एवं पुरुषों के खिलाफ धारा 186, 224, 225, 332, 353, 22b के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मौके से 140 गोलियां भी बरामद की है। थाना प्रभारी विजेंद्र कुमार ने कहा कि मामले में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।