{"_id":"589f589e4f1c1b2b62379199","slug":"fatehabad-road-accident-gas-tanker-roadwaz-bus-police-harayana","type":"story","status":"publish","title_hn":"गैस टैंकर ने रोडवेज बस को मारी टक्कर, एक की मौत","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
गैस टैंकर ने रोडवेज बस को मारी टक्कर, एक की मौत
अमर उजाला ब्यूरो, फतेहाबाद
Updated Sun, 12 Feb 2017 12:02 AM IST
विज्ञापन
टैंकर पलटा
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
रतिया चुंगी पर बाईपास पुल के नीचे एक एलपीजी गैस टैंकर ने रोडवेज बस को जोरदार टक्कर मारी। अचानक लगी टक्कर से जहां टैंकर पलट गया वहीं बस सड़क पर कई बार पलटी खाते सड़क किनारे खेतों में जा गिरी। इससे बस में सवार लोगों में चीखपुकार मच गई। हादसे का धमाका सुनते ही आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बस के शीशे तोड़कर लोगों को बाहर निकालना शुरू किया और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना में जहां एक व्यक्ति साधु राम की मौत हो गई वहीं चालीस के करीब लोग घायल हो गए।
घायलों में से 19 लोगों को गंभीर हालत के चलते अग्रोहा रेफर कर दिया गया है जबकि बाकी लोगों का सामान्य अस्पताल में ही उपचार चल रहा है। घायलों में फतेहाबाद विधानसभा से माकपा की टिकट पर चुनाव लड़ चुके रामकुमार बहबहलपुरिया और निजी स्कूल के प्रिंसीपल हरमीत सिंह मक्कड़ भी शामिल हैं। टक्कर के बाद टैंकर से गैस लीक होना शुरू हो गई, जिसके चलते एकबारगी हड़कंप मच गया। हालांकि बाद में मौके पर पहुंची अधिकारियों की टीम और पुलिस ने लीकेज पर काबू पाया।
विज्ञापन
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो गैस टैंकर बठिंडा से बहादुरगढ़ की ओर जा रहा था और रोडवेज बस रतिया से फतेहाबाद की ओर आ रही थी। मौके पर मौजूद विकास एवं विनोद ने बताया कि वे पुल के पास अपने निर्माण पर मिट्टी डलवा रहे थे कि एकाएक टैंकर की टक्कर से बस कई बार पलटते खेतों में जा गिरी। इनकी मानें तो गैस टैंकर गलत दिशा से आ रहा था और उसकी स्पीड भी काफी अधिक थी।
विज्ञापन
19 रेफर, 17 घायल, पांच अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती
अस्पताल प्रशासन की ओर से जारी की गई लिस्ट के मुताबिक हादसे में 19 लोग रेफर किए गए हैं। इनमें रमेश, बिट्टू, कुलभूषण, धीरज, गौतम, रितु, चंदर पाल, लखवीर, ओमप्रकाश, सर्वजीत, साहिल, राहुल सेठी, अनमोल, अमनदीप कौर, कृष्ण, सर्वजीत सिंह, जोगेंद्र सिंह, संजय एवं पतासो देवी शामिल हैं। इसके अलावा घायलों में अजय, ग्यानाराम, लखवीर, चिंदर कौर, मुस्कान, रामप्यारी, अमरजीत कौर, जोगेंद्र, हरभगवान, सेजल रानी, रितुरानी, साधुराम आदि शामिल हैं। इसके अलावा कई घायल फतेहाबाद के निजी अस्पतालों में भर्ती कराए गए हैं, जिसमें निर्मला, सरोज, आदित्य, कमलदीप एवं कमलेश शामिल हैं जिन्हें पाहवा अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
पुलिस, एंबुलेंस और अस्पताल स्टाफ का सराहनीय रहा काम
हादसे के बाद जिस तरह से अफरातफरी मची, उस दौरान मौके पर पुलिस विभाग, सामान्य अस्पताल के एंबुलेंस कर्मचारियों एवं स्टाफ का योगदान सराहनीय रहा। हादसे की सूचना मिलते ही एसएचओ सुरेंद्र कंबोज, ट्रैफिक इंचार्ज रिछपाल और पीसीआर वन के इंचार्ज सुरेंद्र सिंह टीम के साथ पहुंचे और सबसे पहले चारों ओर के ट्रैफिक को दूसरे रूट पर डायवर्ट किया। इस दौरान पुलिसकर्मी स्थानीय लोगों के सहयोग से बस के अंदर फंसे घायलों को भी निकालते रहे। दूसरी ओर मौके पर पहुंचे एंबुलेंस कर्मचारियों ने तुरंत कार्यवाही करते घायलों को अस्पताल पहुंचाया। यहां पहले से तैनात खड़े चिकित्सकों एवं स्टाफ नर्सों ने भी बेहतरीन काम दिखाते हुए सबका इलाज शुरू किया। अस्पताल का इमरजेंसी गेट सिर्फ घायलों को लाने-ले जाने के लिए रखा गया बाकी सभी की इंट्री बंद कर दी गई।
यात्रियों का सामान गुरुनानकपुरा चौकी में रखवाया गया
घायलों को उपचार के लिए भेजने के बाद पुलिसकर्मियों ने सभी का सामान उठाकर रतिया चुंगी पर स्थित गुरुनानकपुरा चौकी में भिजवा दिया। साथ ही अस्पताल में मौजूद घायलों, उनके परिजनों को भी समय रहते सूचित कर दिया गया।
प्रशासन की ओर से एसडीएम और तहसीलदार के साथ आरएसएस स्वयंसेवक और भाजपाई भी पहुंचे
प्रशासन की ओर से घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम सतबीर जांगू मौके पर पहुंचे और घायलों का हाल जाना। साथ ही एसडीएम ने अग्रोहा मेडिकल के अधिकारियों के साथ तालमेल स्थापित किया ताकि हादसे के घायलों का वहां पहुंचते ही इलाज शुरू हो सके। इसके बाद तहसीलदार नवजोत कौर बराड़ भी मौके पर मौजूद रहीं। इसके अलावा आरएसएस से बजरंग गोदारा, गुरबक्श मोंगा के साथ-साथ भाजपा के लोकल पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। घायलों की जानकारी मिलते ही निजी चिकित्सक डॉ. वीरेंद्र सिवाच भी अपनी सेवाएं देने के लिए अस्पताल में पहुंचे।
गैस टैंकर की टक्कर से रोडवेज बस पलट कर सड़क किनारे खेतों में जा गिरी है। इस हादसे में एक व्यक्ति साधुराम की मौत हो गई है जबकि 40 के करीब लोग घायल बताए गए हैं। इनमें से 19 लोग रेफर किए गए हैं। बाकियों का स्थानीय स्तर पर उपचार चल रहा है। सड़क से गैस टैंकर को साइड में कराकर यातायात बहाल कर दिया गया है। बस के ड्राइवर और कंडक्टर दोनों रेफर किए गए हैं जबकि गैस टैंकर का ड्राइवर फरार बताया जा रहा है। जांच जारी है।
-सुरेंद्र कंबोज, सिटी एसएचओ, फतेहाबाद।