{"_id":"6286272ce349ce7faf4c7fdf","slug":"fatehabad-fraud-of-rs-97-lakh-from-10-youths-by-pretending-to-get-government-job-in-bank-and-court","type":"story","status":"publish","title_hn":"फतेहाबाद: पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल का करीबी बता 10 युवाओं से ठगे 97 लाख रुपये, सरकारी नौकरी दिलवाने का देते थे झांसा","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
फतेहाबाद: पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल का करीबी बता 10 युवाओं से ठगे 97 लाख रुपये, सरकारी नौकरी दिलवाने का देते थे झांसा
Thu, 19 May 2022 04:52 PM IST
निवेदिता वर्मा
संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद (हरियाणा)
Published by: निवेदिता वर्मा
Updated Thu, 19 May 2022 04:52 PM IST
सार
पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल का करीबी बताकर ठगी की। दंपती समेत तीन लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। झांसे में लेने के लिए महिला को सावित्री जिंदल बता फोन पर बातचीत करवाते रहे।
विज्ञापन
fraud
- फोटो : istock
विस्तार
बैंक और कोर्ट में सरकारी नौकरी दिलवाने का झांसा देकर 10 युवाओं से 97 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। ठगी का शिकार हुए अधिकतर युवा गांव धांगड़ के रहने वाले हैं। आरोप है कि ठगों ने जाल में फंसाने के लिए खुद को पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल का करीबी बताया और यहां तक कि किसी महिला को सावित्री जिंदल बताकर उससे बात भी करवाते रहे।
विज्ञापन
मामले में सदर पुलिस ने गांव धांगड़ निवासी सुरेंद्र कुमार उर्फ सुंदर की शिकायत पर हिसार के गांव लांधड़ी निवासी भावना बिश्नोई, उसके पति प्रमोद कुमार व जेठ प्रवीन के खिलाफ साजिश के तहत धोखाधड़ी करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
विज्ञापन
मामले के मुताबिक पुलिस को दी शिकायत में सुरेंद्र कुमार उर्फ सुंदर ने बताया कि हिसार में उसकी मुलाकात आरोपी भावना बिश्नोई के साथ हुई। आरोपी भावना ने बताया कि वह चिकनवास के निजी स्कूल में पढ़ाती है। उसने नायब तहसीलदार की नौकरी के लिए 30 लाख रुपये सरकार के किसी आदमी को दे रखे हैं और उसकी जानकारी प्रतिष्ठित लोगों के साथ है जो कि रुपये लेकर सिफारिश करवाते हैं और नौकरी लगवाते हैं।
विज्ञापन
आरोप है कि भावना बिश्नोई ने कई बार उसकी बात पति और प्रमोद और जेठ प्रवीन के साथ करवाई। आरोप है कि आरोपी भावना बिश्नोई ने कहा कि भिवानी, फतेहाबाद और हिसार की कोर्ट में एलडीसी क्लर्क और चपरासी के पद भरे जाने हैं। इसके अलावा एसबीआई बैंक में भी पीओ की नौकरी निकली हुई है।
झांसे में लेने के लिए पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल का करीबी बताया
आरोप है कि आरोपियों ने झांसे में लेने के लिए खुद को हिसार की पूर्व एमएलए और मंत्री सावित्री जिंदल का करीबी बताया। आरोपियों ने किसी अन्य महिला को पूर्व एमएलए सावित्री जिंदल बताकर फोन पर बता करवाई। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने टोकन मनी और दस्तावेज ले लिए। इस दौरान आरोपी भावना बिश्नोई ने कहा कि दस्तावेज पूरे नहीं है इसलिए और राशि देनी पड़ेगी। अगर नहीं दिए तो काम लटक जाएगा और राशि भी नहीं मिलेगी।
विजिलेंस जांच में हिसार के डीआईजी का नाम लेकर भी ऐंठे रुपये
गांव धांगड़ निवासी सुरेंद्र ने आरोप लगाया कि आरोपी भावना अलग-अलग तरीके से रुपये ऐंठने लगी। आरोपी महिला ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया की विजिलेंस जांच शुरू हो चुकी है। इस प्रक्रिया को रुकवाने के लिए हिसार के डीआईजी बलवान सिंह राणा को भी मोटी राशि देनी पड़ेगी। आरोप है कि इसके बाद आरोपी महिला व्हाट्सएप पर नौकरी के नोटिफिकेशन भेजती रही।
आरोप है कि उसके भांजे यश को हिसार बुलवाया और यहां एक एसबीआई बैंक में बायोमेट्रिक हाजिरी लगवाई। आरोप है कि 17 अगस्त 2021 को व्हाट्सएप पर फोटो भेजी और उसमें कई लोगों के बीच अरुण जेटली खड़े थे, आरोपी ने कहा कि हिसार आए हैं और काम हो जाएगा।
उसने विश्वास कर लिया। लेकिन बाद में पता चला कि अरुण जेटली की तो काफी समय पहले मौत हो चुकी है। आरोप है कि आरोपी महिला ने आवेदक विष्णु और अनुराग और हिसार कोर्ट में बुलाया और फर्जी ज्वाइनिंग लेटर पर हस्ताक्षर करवाए। आरोप है वर्ष 2021 के अंत तक आरोपी महिला झांसे देती रही लेकिन नौकरी नहीं लगवाई और आरोपी महिला खुद को आईपीएस गंगाराम पूनिया और डीआईजी बलवान सिंह राणा का करीबी बताकर धमकी दे रही है।
नौकरी के लिए 4 लाख से 29 लाख रुपये ऐंठने के आरोप
आरोप है कि गांव धांगड़ निवासी अंगूरी देवी एसबीआई में पीओ पोस्ट के लिए 29 लाख 38 हजार रुपये, गांव सीसवाल निवासी यश से एसबीआई बैंक में नौकरी लगवाने के लिए 20 लाख, गांव धांगड़ निवासी सुरेंद्र को भिवानी र्को में एलडीसी क्लर्क के लिए 4 लाख रुपये, गांव धांगड़ निवासी अनुराग से एलडीसी क्लर्क के लिए 11 लाख 59 हजार, गांव धांगड़ निवासी इंद्रपाल से भिवानी कोर्ट में एलडीसी क्लर्क पद के लिए 4 लाख 12 हजार रुपये, गांव धांगड़ निवासी अमन से जिला कोर्ट फतेहाबाद में चपरासी पद के लिए 4 लाख रुपये, गांव धांगड़ निवासी राजेंद्र से कोर्ट हिसार में चपरासी पद के लिए 4 लाख 25 हजार रुपये, गांव धांगड़ निवासी सुधीर से जिला कोर्ट हिसार में चपरासी पद के लिए 4 लाख 85 हजार रुपये, गांव भिरड़ाना निवासी संजय से फतेहाबाद कोर्ट में चपरासी पद के लिए 7 लाख 50 हजार रुपये और धांगड़ निवासी विष्णु से जिला कोर्ट फतेहाबाद में चपरासी पद के लिए 7 लाख 50 हजार रुपये लिए हैं।
नौकरी के नाम पर 10 लोगों से 97 लाख रुपये ठगने की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले में दस्तावेज शिकायतकर्ता से लिए जाएंगे। इसके बाद मामले की जांच शुरू की जाएगी। - यादविंद्र सिंह, सदर थाना प्रभारी